Kerala family found dead: केरल के कोच्चि में दिल दहला देने वाली घटना, वदुथला इलाके में एक ही परिवार के 5 सदस्यों के शव मिलने से हड़कंप। तिरुवनंतपुरम के इस परिवार की मौत के पीछे क्या है मानसिक पीड़ा और सुसाइड नोट का रहस्य? पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या और खुदकुशी की आशंका। पूरी रिपोर्ट और अनसुलझे पहलुओं के लिए पढ़ें।
Kerala mysterious Death: केरल के कोच्चि शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के वदुथला इलाके में शनिवार को एक किराए के मकान में रह रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह परिवार मूल रूप से तिरुवनंतपुरम के विलाप्पिलसाला का निवासी था। मृतकों की पहचान श्रीकुमारी (58 वर्ष), उनकी बेटी अश्वथी नायर (36 वर्ष) और अश्वथी के तीन बच्चों के रूप में हुई है। बच्चों में 14 और 4 वर्ष के दो बेटे तथा एक 2 वर्ष की मासूम बेटी शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को जहर देकर मारा गया है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जांच में पता चला है कि यह परिवार फरवरी माह से यहां रह रहा था। अश्वथी के बड़े बेटे का इलाज पास के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जिसकी देखभाल के लिए वे यहां रुके हुए थे। वे जल्द ही यह मकान खाली करने वाले थे। जब मकान मालिक ने इस संबंध में परिवार से संपर्क करने की कोशिश की और कोई जवाब नहीं मिला, तो उनके एक रिश्तेदार ने दूसरी चाबी से घर खोलकर प्रवेश किया। तब जाकर इस मामले का पता चला। पुलिस के मुताबिक, परिवार को आखिरी बार 17 मार्च को देखा गया था।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे संकेत मिलते हैं कि अश्वथी लंबे समय से गंभीर मानसिक पीड़ा से गुजर रही थी। उनके पति ने पिछले साल अगस्त में घरेलू कलह और स्वास्थ्य कारणों से आत्महत्या कर ली थी। पति की मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष ने उन्हें ही इसका दोषी ठहराया था। सुसाइड नोट के अनुसार, पति की मौत के एक महीने बाद ही अश्वथी ने अपनी वसीयत तैयार कर ली थी, जिसमें उन्होंने अपनी संपत्ति 'प्रोविडेंस होम' नामक संस्था को दान करने की बात लिखी थी। पुलिस का मानना है कि वह काफी समय से इस आत्मघाती कदम की योजना बना रही थी।
पुलिस को घटनास्थल पर बेहद मार्मिक दृश्य देखने को मिला। जहां श्रीकुमारी का शव साड़ी में मिला, वहीं दो छोटे बच्चे बिस्तर पर कंबल से ढके हुए थे। वे सूट और चश्मा पहने हुए पाए गए। सबसे बड़ा बच्चा दूसरे कमरे में फर्श पर बिछी चादर पर मृत मिला, उसने भी सूट पहन रखा था।
फिलहाल, पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि उन परिस्थितियों का पता लगाया जा सके, जिसके चलते परिवार को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा।