राष्ट्रीय

माता वैष्णों देवी मंदिर पहुंचे जम्मू कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्लाह, बोले- मुझे शेरा वाली ने बुलाया है

Vande Bharat Train: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर सफर किया और अपनी भावनाएं व्यक्त की।
2 min read
• •
Updated: 10 Jun 2025, 1:25 PM IST
Farooq Abdullah
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला (ANI)

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्लाह (Farooq Abdullah) ने मंगलवार को श्रीनगर के नौगाम रेलवे स्टेशन से कटरा तक वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat) में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने इस ट्रेन को जम्मू-कश्मीर के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए अपनी खुशी और भावनाओं को व्यक्त किया। फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि मैं इस ट्रेन से कटरा जा रहा हूं। यह हमारे लिए बहुत बड़ा फायदा है। यह ट्रेन न केवल स्थानीय लोगों के लिए, बल्कि पर्यटकों के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होगी। सड़क मार्ग से यात्रा करना मुश्किल होता है और हवाई यात्रा की कीमतें बहुत ज्यादा हैं। अब यह ट्रेन हमारा सफर आसान और आरामदायक बनाएगी।"

व्यापार को बढ़ावा

उन्होंने आगे कहा कि यह रेल सेवा कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। खासकर खराब मौसम में सड़क मार्ग बंद होने और हवाई किराए के बढ़ने की समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा, यह ट्रेन बागवानी क्षेत्र, विशेष रूप से सेब और अन्य फलों के व्यापार को बढ़ावा देगी, क्योंकि अब उपज तेजी से देश के अन्य हिस्सों तक पहुंच सकेगी।

PM ने दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून को कटरा रेलवे स्टेशन से दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, जो कटरा और श्रीनगर को जोड़ती हैं। यह ट्रेन कटरा से श्रीनगर की दूरी को मात्र तीन घंटे में तय करती है, जो मौजूदा यात्रा समय को दो से तीन घंटे कम करती है। यह ट्रेन कश्मीर की ठंडी जलवायु के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन की गई है और इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं जैसे स्वचालित दरवाजे, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, बायो-वैक्यूम टॉयलेट और कवच तकनीक शामिल हैं।

पर्यटन को बढ़ावा

फारूक अब्दुल्ला ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की और इसे जम्मू-कश्मीर के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन पर्यटन को बढ़ावा देगी और स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन में सुधार लाएगी। नौगाम रेलवे स्टेशन, ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक (USBRL) प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जो कश्मीर को जम्मू और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
10 Jun 2025, 1:25 PM IST
Published on: