राष्ट्रीय

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को तबीयत बिगड़ने के बाद मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
less than 1 minute read
Oct 07, 2025
Feature image
पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा को अस्पताल में कराया भर्ती (Photo-IANS)

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को तबीयत बिगड़ने के बाद मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल ने बुलेटिन जारी करते हुए कहा- पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा को संक्रमण के कारण ओल्ड एयरपोर्ट रोड स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी मौजूदा हालत स्थिर है और विशेषज्ञों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

अब कैसी है तबीयत

फिलहाल उनकी हालत में सुधार है। बताया जा रहा है कि पूर्व पीएम को बुखार था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है और डॉ. सुदर्शन बल्लाल के नेतृत्व में इलाज चल रहा है।

पहले भी हो चुके हैं भर्ती

बता दें कि पहले भी पूर्व पीएम को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। इससे पहले फरवरी 2024 में सांस की परेशानी से चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज किया गया था।

एचडी देवगौड़ा का राजनीतिक सफर

एचडी देवेगौड़ा जनता दल (सेक्युलर) के नेता हैं। वे 1 जून 1996 से 21 अप्रैल 1997 तक भारत के 11वें प्रधानमंत्री रहे। उनका जन्म 18 मई 1933 को एक वोक्कालिगा परिवार में हुआ था, जो समुदाय ओबीसी वर्ग में आता है।

होलेनारासिपुरा सीट से 6 बार जीता विधानसभा चुनाव

साल 1962 में उन्होंने होलेनारासिपुरा सीट से निदर्लीय चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1989 तक लगातार 6 बार इसी सीट से विधानसभा चुनाव जीता। 1994 में जनता दल ने कर्नाटक में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की और उन्होंने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

विधानसभा में रहे नेता प्रतिपक्ष

बता दें कि साल 1972-77 तक एचडी देवगौड़ा विधानसभा में नेता विपक्ष भी रहे। इसके अलावा इंदिरा गांधी के विरोध के बाद वह 2 बार कर्नाटक में जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे।

Updated on:
07 Oct 2025 08:46 pm
Published on:
07 Oct 2025 06:33 pm