
सौरव दास (फाइल फोटो - एएनआई)
CJP Saurav Das Slams BJP Gen Z Outreach Team Nitin Nabin Smriti Irani: भारतीय जनता पार्टी की युवाओं से जुड़ने के लिए बनाई गई नई टीम पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने निशाना साधा है। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने टीम में शामिल नेताओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं के पुराने बयानों पर सवाल उठते रहे हैं वे युवाओं से कैसे जुड़ेंगे? दास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा के इस अभियान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़ने के लिए भाजपा ने जिन नेताओं को चुना है उनके चयन पर ही सवाल खड़े होते हैं।
सौरव दास ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर निशाना साधते हुए उनके कथित पुराने बयानों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नवीन ने युवा पीढ़ी के लिए 'वायरस' और 'कॉकरोच' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। दास ने प्रदर्शनकारियों को 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' से जोड़ने वाली कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे बयानों वाले नेता अब युवाओं के बीच जाकर उनसे संवाद कैसे करेंगे?
CJP प्रवक्ता ने भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने ईरानी के शिक्षा मंत्री रहने के दौरान रोहित वेमुला मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। सौरव ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में सार्वजनिक विश्वविद्यालयों से जुड़े कई विवाद सामने आए थे। उन्होंने स्मृति ईरानी की शैक्षणिक डिग्री को लेकर भी सवाल उठाया। हालांकि, स्मृति ईरानी को लेकर लगाए गए ये आरोप CJP प्रवक्ता सौरव दास के हैं।
भाजपा ने देश के युवाओं से संपर्क बढ़ाने के लिए एक नई टीम बनाई है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का मकसद युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाना और नई पीढ़ी से सीधे संवाद करना है।
भाजपा की नई टीम पर CJP का हमला ऐसे समय हुआ है जब संगठन सोमवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक करने जा रहा है। बैठक में 25 जुलाई को राष्ट्रव्यापी आंदोलन वापस लेने के दौरान केंद्र सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों की समीक्षा की जाएगी। CJP ने कहा है कि अगर सरकार अपने वादों को पूरा नहीं करती है तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। CJP ने दोबारा शांतिपूर्ण राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने का विकल्प भी खुला रखा है।
Updated on:
24 Aug 2026 12:12 am
Published on:
24 Aug 2026 12:12 am
