
FSSAI Action: त्योंहारी सीजन में मिलावट और घटिया क्वालिटी के सामान पर रोक लगाने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने जांच शुरु कर दी है। इसी क्रम में एफएसएसएआइ ने उपभोक्ताओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए दो कंपनियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। एफएसएसएआइ ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्रा.लि. लिमिटेड (Creative Bakers and Confectioners Pvt. Ltd.) का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वहीं, एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (Everest Food Products Private Limited) को अपने प्री-पैक्ड जीरा पाउडर को तुरंत वापस लेने का आदेश दिया गया है। जांच में जीरा पाउडर का सैंपल असुरक्षित पाया गया था।
FSSAI के मुताबिक, क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्रा.लि. लिमिटेड के यहां साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गई। इन्हीं गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियों के कारण कंपनी का FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। FSSAI ने इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया है।
FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को अपने पैकिट में बंद जीरा पाउडर (Pre packed Cumin Powder) को मार्केट से वापस मंगाने का आदेश दिया है। प्राधिकरण के अनुसार, जांच के दौरान लिए गए इस उत्पाद के सैंपल को टेस्ट किया गया था। टेस्ट के बाद सैंपल को असुरक्षित (UNSAFE) घोषित किया गया है।
गोवा में एक होटल से लिए गए जीरा पाउडर के सैंपल की जांच में सुरक्षित तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक (Pesticide) पाए गए। जिसके बाद लैब ने इसे सेहत के लिए हानिकारक और असुरक्षित (UNSAFE) घोषित कर दिया है। कंपनी को इस पूरे बैच को बाजार से हटाने और आगे ऐसी गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।
FSSAI ने बेकरी का निरीक्षण करने के बाद पाया कि वहां साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा था। वहां हर तरफ गंदगी, धूल, मक्खियां और मकड़ी के जाले थे। इसके अलावा, जल्दी खराब होने वाले कच्चे माल को खुले में रखा गया था। इस लापरवाही के कारण कंपनी के काम करने पर रोक लगा दी गई है।
FSSAI ने इस कार्रवाई की जानकरी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कहा कि वह देशभर में उपभोक्ताओं की सेहत की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करा रहा है। इसी के तहत नियमों में कमी मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।