राष्ट्रीय

गंगा जल संधि खत्म होने में सिर्फ 19 दिन बाकी: बांग्लादेश ने नरम किया रुख, अब नई डील की जिद छोड़ी

India Bangladesh Ganga Treaty: गंगा जल संधि खत्म होने से पहले बांग्लादेश ने अपना रुख नरम कर लिया है। अब वह नए समझौते पर जोर देने के बजाय भारत से औपचारिक बातचीत शुरू करने की पहल चाहता है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 10:39 AM IST
India Bangladesh Ganga treaty
India Bangladesh Ganga treaty : ढाका ने भारत से लगाई गुहार: 12 दिसंबर से पहले शुरू करो बातचीत, वरना सूखे मौसम में बढ़ेगा संकट (फोटो सोर्स:FB@Namami Gange)

Ganga Water Treaty: गंगा जल बंटवारे की 30 साल पुरानी संधि खत्म होने में गिनती के दिन बचे हैं और बांग्लादेश के सुर बदल गए हैं। अब तक वह नए समझौते की मांग कर रहा था, लेकिन रविवार को उसने बस इतना कहा कि भारत औपचारिक बातचीत शुरू करने की पहल करे। यानी ढाका अब नई डील पर अड़ने के बजाय बातचीत की मेज पर आने की उम्मीद लगाए बैठा है। फैसला अब दिल्ली और ढाका के राजनीतिक नेतृत्व के हाथ में है।

India Bangladesh Ganga Treaty: बांग्लादेश ने नरम किया अपना रुख

बांग्लादेश ने रविवार को गंगा जल संधि पर अपना रुख नरम कर लिया। संधि 12 दिसंबर को खत्म हो रही है। अब तक ढाका नया समझौता चाहता था, जिसमें सूखे मौसम में उसके हिस्से के पानी मिलने की गारंटी मिले और भारत एक तकनीकी टीम बनाए। रविवार को उसने कहा कि वह बस चाहता है कि भारत का राजनीतिक नेतृत्व औपचारिक वार्ता शुरू करने के कदम उठाए।

तकनीकी समिति ने पूरी की जरूरी तैयारियां

यह बात प्रधानमंत्री के वित्त और योजना सलाहकार रशीद तितुमीर ने कही। वे संधि पर बांग्लादेश की 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख भी हैं। संधि लागू करने वाली संयुक्त समिति की 91वीं बैठक के बाद उन्होंने कहा कि सारी जरूरी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और उम्मीद है कि भारत पानी के न्यायसंगत बंटवारे के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।

बैठक में भारत की चार सदस्यीय टीम की अगुवाई संयुक्त नदी आयोग के प्रमुख शरद चंद्र ने की। बांग्लादेश की छह सदस्यीय टीम का नेतृत्व अनवर कादिर ने किया। दोनों पक्षों ने 2026 की वार्षिक कार्यान्वयन रिपोर्ट को अंतिम रूप दे दिया।

भारत का रुख

भारत का कहना है कि गंगा संधि समेत सीमा पार नदियों के सभी मुद्दों पर चर्चा का तय मंच संयुक्त नदी आयोग ही है। सूत्रों के मुताबिक नवीनीकरण हो या अंतरिम विस्तार, इसकी शर्तें दोनों देशों का राजनीतिक नेतृत्व ही तय करेगा। बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी एनी ने हाल में राजनयिक रास्ते से भारतीय समकक्ष को चिट्ठी भेजकर जल्द बातचीत की गुजारिश की थी। ढाका ने जून 2026 में उच्चस्तरीय तकनीकी समिति बनाई थी और भारत से भी ऐसी समिति की जानकारी मांगी थी।

Ganga Water Treaty: संधि क्या कहती है

यह संधि 12 दिसंबर 1996 को दिल्ली में हुई थी और फरक्का बैराज पर 1 जनवरी से 31 मई तक के सूखे मौसम के पानी का बंटवारा तय करती है। इसके तहत 11 मार्च से 10 मई के बीच दोनों देशों को बारी-बारी से 10-10 दिन के लिए 35,000 क्यूसेक पानी मिलता है। संधि की धारा 12 के अनुसार यह अपने आप नहीं बढ़ती। इसके लिए दोनों की सहमति जरूरी है।

पेचीदगी कहां है

फरवरी 2026 में विदेश मंत्रालय ने संसद को बताया था कि नवीनीकरण पर बातचीत शुरू नहीं हुई है। उधर बिहार और पश्चिम बंगाल अपनी सिंचाई, पीने के पानी और उद्योग की जरूरतों को नई व्यवस्था में शामिल कराना चाहते हैं। बांग्लादेश और भारत की 54 सीमा पार नदियों में गंगा अकेली है जिस पर द्विपक्षीय जल बंटवारा समझौता है। इसलिए इसका भविष्य दोनों देशों के रिश्तों की कसौटी भी माना जा रहा है।

Updated on:
23 Nov 2026, 10:39 AM IST
Published on: