
Gen-Z के सपने घर, शादी और परिवार बसाने के हैं, लेकिन महंगाई और नौकरी की अनिश्चितता के बीच 54% युवा आर्थिक कारणों से जिंदगी के बड़े फैसले टाल रहे हैं. जानिए डेलॉइट सर्वे 2026 के आंकड़े और युवाओं की बदलती प्राथमिकताएं।
अपना घर हो, अच्छी नौकरी मिले, शादी हो और खुशहाल परिवार भी बसे। जेन-जी के सपने बहुत अलग नहीं हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने की समयसीमा जरूर बदल रही है। महंगाई, महंगे मकान और नौकरी की अनिश्चितता के बीच युवा अब पहले आर्थिक रूप से मजबूत होना चाहते हैं। वे परिवार और रिश्तों से दूर नहीं जा रहे, बल्कि जिम्मेदारियां उठाने से पहले सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना चाहते हैं। करियर, निजी आजादी और मानसिक सुकून के बीच संतुलन बनाना उनकी नई प्राथमिकता है।
डेलॉइट के 2026 जेन-जी एंड मिलेनियल सर्वे के भारतीय निष्कर्ष बताते हैं कि 54% जेन-जी ने आर्थिक कारणों से जिंदगी के बड़े फैसले टाले हैं। 37% घर खरीदने में खुद को असमर्थ मानते हैं, जबकि 29% आर्थिक असुरक्षा महसूस करते हैं। 76% युवाओं ने माना कि मकान की कीमत और उपलब्धता उनके करियर और नौकरी चुनने के फैसलों को प्रभावित करती है। 20% को हर महीने जरूरी खर्च पूरे करने में परेशानी होती है। वहीं, 27% के लिए बेरोजगारी सबसे बड़ी चिंता है।
यह सिर्फ भारत की कहानी नहीं है। डेलॉइट के 44 देशों के वैश्विक सर्वेक्षण में 55% जेन-जी ने आर्थिक कारणों से शादी, परिवार, उच्च शिक्षा या बिजनेस जैसे फैसले टालने की बात कही। 51% घर खरीदने में असमर्थ हैं। वहीं, 69% ने माना कि मकान की उपलब्धता और कीमत उनके करियर विकल्पों को प्रभावित करती है।
यूएनएफपीए के 73 देशों के 1.08 लाख से अधिक युवाओं के सर्वेक्षण में 70% ने शादी करने और 90% से अधिक ने बच्चे चाहने की इच्छा जताई। 88% ने माता-पिता बनने के लिए आर्थिक सुरक्षा और 87% ने स्थिर नौकरी को जरूरी बताया। यानी परिवार बसाने की इच्छा कायम है, लेकिन युवा इसके लिए आर्थिक और भावनात्मक रूप से तैयार होना चाहते हैं।
जेन-जी के लिए सिर्फ पैसा ही चिंता नहीं है। नौकरी का दबाव, भविष्य की अनिश्चितता और रिश्तों में भावनात्मक असुरक्षा भी उनकी प्राथमिकताओं को प्रभावित कर रही है। युवा करियर में आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन निजी जिंदगी और मानसिक स्वास्थ्य की कीमत पर नहीं। रिश्तों में बराबरी, व्यक्तिगत आजादी और भावनात्मक सुरक्षा भी उनकी अपेक्षाएं हैं। अब सफलता का मतलब सिर्फ बड़ा पैकेज नहीं, बल्कि संतुलित जिंदगी भी है।
अच्छी सैलरी से ज्यादा जरूरी सही मैनेजमेंट
रश्मि वर्मा, सीए एवं फाइनेंशियल एडवाइजर
युवाओं की आय के साथ खर्च भी बढ़ रहे हैं। किराया, ईएमआइ, ट्रैवल और लाइफस्टाइल खर्च बचत प्रभावित करते हैं। पहली कमाई से ही सेविंग और निवेश की आदत डालनी चाहिए। आर्थिक स्वतंत्रता अच्छी सैलरी से नहीं, सही फाइनेंशियल मैनेजमेंट से आती है।
आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना जरूरी है। मैं चाहती हूं कि पढ़ाई और करियर से जुड़े फैसले खुद ले सकूं। इसके लिए अच्छी स्किल्स हासिल करना और कमाई का जरिया मजबूत करना पहली प्राथमिकता है।
डिग्री के साथ फाइनेंशियल प्लानिंग भी जरूरी
प्रवीण साहू, एमबीए स्टूडेंट
सिर्फ अच्छी कमाई पर्याप्त नहीं है, पैसे को सही तरीके से मैनेज करना भी जरूरी है। घर, शादी या बिजनेस जैसे बड़े फैसलों से पहले आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहता हूं।
भारतीय जेन-जी की आर्थिक तस्वीर
आर्थिक कारणों से बड़े फैसले टाले 54%
घर खरीदने में असमर्थ 37%
आर्थिक असुरक्षा महसूस करते हैं 29%
जरूरी खर्च में परेशानी 20%
मकान की कीमत से करियर प्रभावित 76%
बेरोजगारी सबसे बड़ी चिंता 27%
नेतृत्व की भूमिका चाहते हैं 96%
नेतृत्व प्राथमिक करियर लक्ष्य 9%
रोजमर्रा के काम में एआइ इस्तेमाल 93%
आर्थिक कारणों से बड़े फैसले टाले 55%
घर खरीदने में असमर्थ 51%
आवास की कीमत से करियर प्रभावित 69%
शादी करना चाहते हैं 70%
बच्चे चाहने वाले 90% से अधिक
आर्थिक सुरक्षा को जरूरी मानते हैं 88%
स्थिर नौकरी को जरूरी मानते हैं 87%
डेलॉइट इंडिया एवं ग्लोबल जेन-जी एंड मिलेनियल सर्वे 2026, यूएनएफपीए 2026। आंकड़े अलग-अलग सर्वेक्षणों पर आधारित हैं।