राष्ट्रीय

राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर आरोपों पर गिरिराज सिंह का पलटवार, बोले- हार के बाद EVM को ठहराते हैं जिम्मेदार

Giriraj Singh ON Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने SIR और चुनाव आयोग के मुद्दे पर राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने सोनिया गांधी की नागरिकता को लेकर सवाल उठाए और SIR को ‘बैकडोर NRC’ बताने वाले असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Giriraj Singh
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Photo-IANS)

Giriraj Singh On Rahul Gandhi: केंद्रीय कपड़ा मंत्रीगिरिराज सिंहने SIR, चुनाव आयोग और INDIA ब्लॉक की प्रस्तावित बैठक को लेकर विपक्षी नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तीखी टिप्पणी की।

चुनाव हारने पर EVM और आयोग को जिम्मेदार ठहराने का आरोप

राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर कांग्रेस नेता चुनाव प्रक्रिया को सही बताते हैं, जबकि हार की स्थिति में EVM और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि राहुल गांधी चुनावी हार के बाद ‘वोट चोरी’ की बात करते हैं। इसी दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदान अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले भारत में मतदान किया था और दावा किया कि इस मामले में उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। सोनिया गांधी की नागरिकता को लेकर गिरिराज सिंह पहले भी इसी तरह के सवाल उठा चुके हैं।

सोनिया गांधी पर भी लगाए गंभीर आरोप

गिरिराज सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी 15 साल तक भारतीय नागरिकता के बिना भारत में रहीं। उन्होंने इस आधार पर उनके मतदान को लेकर सवाल उठाया और इसे लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

राहुल-प्रियंका और सोनिया गांधी पर भी साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन तीनों नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पसंद नहीं हैं क्योंकि वह एक गरीब परिवार से आते हैं।गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने को स्वीकार नहीं कर पा रहा है।

SIR पर ओवैसी के बयान का दिया जवाब

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इसे ‘बैकडोर NRC’ बताया है। ओवैसी के इस बयान पर भी गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ओवैसी पर संविधान और कानून को लेकर सवाल उठाए और कहा कि SIR जैसी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले उन्हें संविधान और कानून की जानकारी रखनी चाहिए।

ओवैसी को लेकर गिरिराज सिंह की तीखी टिप्पणी

गिरिराज सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी की तुलना मोहम्मद अली जिन्ना की राजनीति से करते हुए कहा कि उन्हें ओवैसी में जिन्ना की छवि दिखाई देती है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या देश में संविधान के बजाय शरिया कानून लागू किया जाएगा।

नागपुर पहुंचे हैं केंद्रीय मंत्री

गिरिराज सिंह इन दिनों नागपुर दौरे पर हैं। इससे एक दिन पहले शनिवार को उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ इंडियन कॉटन समिट 2026 के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया था।समिट को लेकर गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कपास की उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय को मजबूत करने, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने और टेक्सटाइल वैल्यू चेन को मजबूत करने पर जोर दिए जाने की जानकारी साझा की।उन्होंने कहा कि मजबूत कॉटन इकोसिस्टम भारत को वैश्विक टेक्सटाइल क्षेत्र में आगे ले जाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Updated on:
27 Sept 2026 02:12 pm
Published on:
27 Sept 2026 02:05 pm