
Goa First Alliance : पणजी। गोवा में आगामी चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) ने गठबंधन का ऐलान किया है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को गठबंधन का नाम 'गोवा फर्स्ट' रखने की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि यह गठबंधन गोवा की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के सामने एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा।
केजरीवाल ने कहा कि गोवा के लोग लंबे समय से राज्य की राजनीतिक स्थिति को देखते आ रहे हैं। उन्होंने महसूस किया कि उनके पास वास्तविक विकल्प नहीं रहा है। अब तक उन्हें भाजपा या कांग्रेस में से किसी एक को चुनना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के बीच आपसी समझ भी रही है। उन्होंने कहा कि गोवा के लोग अब बदलाव चाहते हैं और उन्हें एक ऐसे विकल्प की जरूरत है, जो भाजपा और कांग्रेस दोनों से अलग हो। 'गोवा फर्स्ट' इसी विकल्प के रूप में सामने आया है। केजरीवाल ने कहा कि जो लोग भाजपा को हराना चाहते हैं, वे गोवा फर्स्ट को वोट दे सकते हैं। वहीं, कांग्रेस से निराश लोगों के लिए भी यह गठबंधन एक विकल्प है।
केजरीवाल ने दावा किया कि 'गोवा फर्स्ट' अपने दम पर चुनाव जीतेगा और गोवा में उसकी सरकार बनेगी। उन्होंने गठबंधन को विश्वसनीय और ईमानदार बताते हुए कहा कि यह गोवा की जनता के प्रति प्रतिबद्ध है और लोगों के हितों के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार गोवा के मतदाताओं के सामने ऐसा राजनीतिक विकल्प आया है, जो न भाजपा है और न कांग्रेस। केजरीवाल के मुताबिक, 'गोवा फर्स्ट' का लक्ष्य जनता के भरोसे पर चुनाव जीतकर सरकार बनाना है।