राष्ट्रीय

जब नाइट क्लब धधक रहा था, उस समय लूथरा ब्रदर्स क्या कर रहे थे? गोवा पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Goa Police investigation: बुधवार को गोवा पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि सौरभ और गौरव लूथरा ने रविवार को सुबह 1:17 बजे टिकट बुक किए थे, जो उत्तरी गोवा के नाइट क्लब में आग लगने के ठीक डेढ़ घंटे बाद का समय था।
2 min read
Dec 10, 2025
Feature image

Goa nightclub fire: गोवा के नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक जब आधी रात को नाइट क्लब में आग बुझाई जा रही थी, उसी दौरान रोमियो लेन स्थित बिर्च नाइट क्लब के मालिक लूथरा बंधुओं ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट बुक किए थे।

बुधवार को गोवा पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि सौरभ और गौरव लूथरा ने रविवार को सुबह 1:17 बजे टिकट बुक किए थे, जो उत्तरी गोवा के नाइट क्लब में आग लगने के ठीक डेढ़ घंटे बाद का समय था। 

25 लोगों की हुई थी मौत

बता दें कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को उत्तरी गोवा के नाइट क्लब में लगभग 100 पर्यटक मौजूद थे। इस दौरान आग लग गई। भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई। वहीं क्लब से पहली कॉल रात 11.45 बजे की गई थी। 

अभी भी दो मालिक हैं फरार

पुलिस ने लूथरा परिवार के पांच कर्मचारियों और उनके कारोबारी साझेदार अजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों मालिक फरार हैं। थाईलैंड के टिकट मेकमाईट्रिप प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन बुक किए गए थे।

पुलिस ने 'भागने में सहायता' के आरोपों का किया खंडन

वहीं पुलिस ने भागने में सहायता के आरोपों का खंडन किया है। पुलिस ने बताया कि हादसे का पता लगने से पहले ही वे भाग गए थे। पुलिस ने कहा, "'भागने में सहायता' का आरोप पूरी तरह से झूठा है। गोवा पुलिस और सभी सहायक एजेंसियां ​​रात भर सुबह 6:00 बजे तक घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रही थीं, आग बुझा रही थीं और पीड़ितों को निकाल रही थीं। आरोपी सुबह 5:30 बजे की फ्लाइट से रवाना हो गए, यानी घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत भाग गए।” 

अजय गुप्ता को मजिस्ट्रेट के सामने किया पेश

इसी बीच एक अन्य आरोपी अजय गुप्ता को बुधवार को गोवा पुलिस द्वारा दिल्ली के मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। चिकित्सा परीक्षण के बाद, उसे आगे की जांच के लिए गोवा ले जाया जाएगा। गोवा पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जैसे-जैसे वे आग लगने की घटना से पहले के घटनाक्रम और त्रासदी के कुछ घंटों बाद मुख्य आरोपी द्वारा भागने के कथित प्रयास के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं, वैसे-वैसे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Updated on:
10 Dec 2025 09:57 pm
Published on:
10 Dec 2025 09:57 pm