राष्ट्रीय

Bus Fire Accident: ‘मुझे नहीं पता मेरा पति कहां है…’,ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड में बची महिला ने बताई खौफनाक कहानी

Greater Noida Bus Fire Accident:यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में स्लीपर बस आग का गोला बन गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20-25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मामले में बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Bus Fire Accident
Greater Noida Bus Fire Accident (Photo-IANS)

Greater Noida Bus Fire Accident: नई दिल्ली। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में स्लीपर बस आग का गोला बन गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20-25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मामले में बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आग बस के इंजन से शुरू होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे से बची एक महिला ने बताया कि वह सास के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने महोबा जा रही थी, लेकिन आग लगने के बाद से उसे अपने पति का कुछ पता नहीं है। महिला ने बताया कि मैं महोबा जा रही थी, क्योंकि मेरी सास का निधन हो गया था। मेरे पति भी मेरे साथ थे, लेकिन मुझे नहीं पता कि वह कहां हैं। हादसे के बाद महिला का परिवार अपने पति की तलाश में परेशान है।

दरवाजा पीटने की आवाज से खुली नींद

हादसे में जिंदा बची एक महिला यात्री ने बताया कि हादसे के समय वह सो रही थी। अचानक किसी ने दरवाजा पीटना शुरू किया। जब उसकी आंख खुली तो बस के बाहर पहले से ही बड़ी संख्या में लोग जमा थे। महिला ने बताया कि उसने अपना कोई सामान लेने की कोशिश नहीं की। यहां तक कि जूते भी नहीं पहने और सिर्फ मोबाइल लेकर बस से बाहर निकलने की कोशिश की।

बाहर निकलते समय यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति थी और लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। बस के अंदर इतना धुआं भर चुका था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। लोग दम घुटने के कारण परेशान थे और हर कोई किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। मुझे भी धक्के लगे और आखिरकार किसी ने मुझे बाहर खींच लिया। इसके बाद मुझे ज्यादा कुछ याद नहीं है।

यात्रियों ने पहले ही जता दी थी आशंका

हादसे के बाद दर्ज FIR में बस के अंदर के हालात को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। FIR के अनुसार, यात्रियों को बस के अंदर जलने की गंध महसूस हुई थी। कुछ यात्रियों ने चालक और कंडक्टर से बस में धूम्रपान करने पर आपत्ति भी जताई थी।

आरोप है कि यात्रियों की आपत्ति के बावजूद चालक और कंडक्टर धूम्रपान करते रहे। यात्रियों के विरोध करने पर दोनों हंसते रहे और उन्हें चुप रहने की धमकी दी। इसके कुछ ही देर बाद बस में आग तेजी से फैल गई।

धुएं और आग से मची अफरा-तफरी

आग लगते ही बस में सो रहे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं के कारण कई यात्री बस से बाहर नहीं निकल सके। पुलिस के अनुसार, 9 लोगों की मौत दम घुटने और आग से झुलसने के कारण हुई। राहत और बचाव दल ने करीब 20-25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Updated on:
24 Sept 2026 10:19 am
Published on:
24 Sept 2026 10:13 am