गुजरात में तीन संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार हुए हैं। ये सभी आतंकी ISIS से जुड़े हैं। तीनों ने देश में कई जगहों पर हमले करने की प्लानिंग की थी।
गुजरात एटीएस ने आतंकी गतिविधियों में शामिल तीन लोगों को अहमदाबाद के अडालज से गिरफ्तार किया है। ATS बीते कुछ दिनों से तीनों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। ATS ने कहा कि आतंकी हथियार इकट्ठा करने के लिए गुजरात आ रहे थे और इनकी योजना देश में कई जगहों पर हमले करने की थी। तीनों आतंकी दो अलग-अलग मॉड्यूल का हिस्सा हैं। ATS अब आगे की पूछताछ में जुटी हुई है।
कुछ महीने पहले गुजरात में अल-कायदा से जुड़े चार संदिग्ध आतंकवादी पकड़े गए थे। ये सभी फेक करेंसी का धंधा चलाने और आतंकवादी संगठन की विचारधारा फैलाने में शामिल थे। एटीएस के अनुसार, ये सभी लंबे समय से आतंकवादी समूह से जुड़े हुए थे। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अल-कायदा के संपर्क में आए थे।
संदिग्ध आतंकवादियों की पहचान मोहम्मद फाइक, मोहम्मद फरदीन, सेफुल्लाह कुरैशी और जीशान अली के रूप में हुई थी।गुजरात एटीएस के डीआईजी ने एक बयान में कहा था, "हमें यह पता चला कि मोहम्मद फाइक पाकिस्तानी शख्स के संपर्क में था और भारत में जिहादी गतिविधियों को फैलाने के तरीकों पर चर्चा कर रहा था।" इसके बाद ये चारों एटीएस के रडार पर आए थे।