राष्ट्रीय

गुजरात में बड़े हमले की थी तैयारी? AK-47 के साथ जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

गुजरात ATS ने वडोदरा के पास जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध रखने वाले एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक AK-47 राइफल और 23 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एजेंसी इन हथियारों के स्रोत और इसमें शामिल हो सकने वाले किसी भी नेटवर्क की जांच कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 11:41 AM IST
ATS Action
ATS की कार्रवाई (फोटो सोर्स: ANI File)

Gujarat ATS Arrests: गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने एक आतंकी साजिश को नाकाम करके बड़ी कामयाबी हासिल की है। ATS की टीम ने वडोदरा में एक बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है, जिसका संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से है।

गुजरात ATS के अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध के पास से एक AK-47 असॉल्ट राइफल और 23 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी असम से वडोदरा आया था। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए अहमदाबाद ले जाया गया है, जबकि पूरे राज्य में ATS का एक बड़ा अभियान जारी है।

हथियार के स्रोत और रिसीवर का पता लगाने में जुटी जांच एजेंसियां

गुजरात ATS जैश-ए-मोहम्मद के साथ आरोपी के कथित संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा कि आरोपी के पाद अत्याधुनिक AK-47 राइफल और गोला-बारूद कहां से आए और गुजरात में इसे किसे सौंपा जाना था। अधिकारी असम से वडोदरा तक की उसकी यात्रा की जांच कर रहे हैं और उसके संभावित स्थानीय संपर्कों, जैसे कि स्लीपर सेल या साथियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर में भी विदेशी आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान तेज

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब देश भर की सुरक्षा एजेंसियां ​​विदेशी आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर हाई अलर्ट पर हैं। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में खुफिया सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जम्मू-कश्मीर में कम से कम 65 विदेशी आतंकी सक्रिय होने की आशंका है, जिनमें से लगभग 55 आतंकी पाकिस्तान स्थित संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े हैं, जबकि शेष 10 छोटे आतंकी गुटों से संबंधित बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, घाटी में स्थानीय आतंकवादियों की संख्या लगभग शून्य हो गई है। ऐसे में पाकिस्तान से हाल ही में कई आतंकवादियों के घुसपैठ करने की खबरों के बाद सुरक्षा बलों ने विदेशी आतंकवादियों और उनके स्थानीय सहयोगियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अपने अभियान तेज कर दिए हैं।

Updated on:
27 Nov 2026, 11:41 AM IST
Published on: