राष्ट्रीय

ECI विवाद पर विपक्ष का हल्लाबोल; राहुल गांधी का हमला, बोले- चार लोगों ने साजिश कर भारत को हाईजैक किया, जानें किसने क्या कहा

CEC row India Bloc Protest Update: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित 'मोएट्स रेस्टोरेंट' में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई विपक्षी सांसदों (INDIA ब्लॉक) की दूसरे दिन की लंच बैठक में सभी प्रमुख घटक दलों के दिग्गज नेता पहुंचे।
3 min read
• •
Oct 08, 2026
Rahul Gandhi
Rahul Gandhi (Photo-ANI)

CEC row India Bloc Protest Update: नई दिल्ली। देश में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का आक्रामक रुख जारी है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित 'मोएट्स रेस्टोरेंट' में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई विपक्षी सांसदों (INDIA ब्लॉक) की दूसरे दिन की लंच बैठक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पहुंचे हैं। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम राजघाट जा रहे हैं, जहां बापू से प्रार्थना करेंगे सरकार को सद्बुद्धि दें। राहुल ने कहा कि हमें धरना देने से रोका जा रहा है।

राहुल गांधी का मोदी-शाह पर हमला

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें लगातार दो दिनों से प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले दिन निर्वाचन आयोग के बाहर उन्हें रोका गया। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगी, लेकिन वहां भी उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके लोगों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने एक आपराधिक साजिश के जरिए भारत पर कब्जा कर लिया है, संविधान को नष्ट कर दिया है और वोट चुरा लिए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष देश की स्थिति को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर वे आरोप लगा रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचे राहुल, प्रियंका और खड़गे

'यह सिर्फ इंडिया गठबंधन नहीं, पूरे देश की मांग'

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि आंदोलन का एजेंडा नहीं बदला है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा और ऐसा होकर रहेगा। पवन खेड़ा ने कहा कि यह सिर्फ इंडिया गठबंधन की मांग नहीं है, बल्कि पूरे देश की मांग है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन देश की इस मांग को लेकर सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को जहां भी रोका जाएगा, वहीं विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। खेड़ा ने स्पष्ट किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

सपा की गैरमौजूदगी पर राजीव राय की सफाई

विपक्षी सांसदों की पहली बैठक में समाजवादी पार्टी के शामिल नहीं होने को लेकर उठे सवालों पर सपा सांसद राजीव राय ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को अस्पताल में थे, इसलिए बैठक में शामिल नहीं हो सके। राजीव राय ने कहा कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश भी इस मामले में स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की बैठक में गैरमौजूदगी को लेकर विवाद भाजपा की ओर से खड़ा किया गया।

जॉन ब्रिटास बोले- यह लगातार चलने वाला आंदोलन है

माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि यह लगातार चलने वाला आंदोलन है और जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्या ज्ञानेश कुमार अपना इस्तीफा देंगे? हम अपना विरोध जारी रखेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।

इतना बड़ा जन आंदोलन बनेगा कि सरकार हिल जाएगी

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि खड़गे ने कनॉट प्लेस में सभी सांसदों को दोपहर के भोजन के लिए बुलाया है और सभी नेता यहां एकत्र हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहेगा और यह तब तक चलेगा, जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। राजीव शुक्ला ने कहा कि अब यह विरोध केवल राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि जन आंदोलन में बदल गया है। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन आने वाले समय में इतना बड़ा रूप लेगा कि सरकार हिल जाएगी।

'मोदी-शाह भी ज्ञानेश को नहीं बचा सकते'

कांग्रेस नेता और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अब ज्ञानेश कुमार को नहीं बचा सकते। ज्ञानेश कुमार ने देश के 13 करोड़ से अधिक लोगों के साथ धोखा किया है और उनके वोट देने के बुनियादी अधिकार को छीना है।

विपक्ष के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इसी वजह से यह संघर्ष लगातार जारी है। यह प्रदर्शन कल हुआ था, परसों हुआ था और आज भी हो रहा है। जब तक ज्ञानेश कुमार जेल की सलाखों के पीछे नहीं चले जाते, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं और हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

Updated on:
08 Oct 2026 04:32 pm
Published on:
08 Oct 2026 02:34 pm
Also Read
View All
राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भाजपा का हमला, प्रदीप भंडारी बोले- क्या उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं?

अब कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बीजेपी महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी का मामला तूल पकड़ा

Nana Patekar Demise: जब नाना पाटेकर ने पूछा- भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती?

दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी ने खुलकर बताया कि प्रदर्शन में क्या-क्या हुआ, कहा- डॉक्टर के पास जाने का वक्त भी नहीं

चुनाव आयोग के समर्थन में 42 पूर्व न्यायाधीशों की खुली चिट्ठी, बोले- ‘बैलेट का मतलब खत्म हुआ तो सड़क पर उतरेगा गुस्सा’