
बठिंडा। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और उनके 40 लोगों ने पंजाब को लूटा और उसका शोषण किया है। बादल ने कहा कि पिछले पांच साल में राज्य ने लूट, भ्रष्टाचार, सरकारी खजाने की बर्बादी, हत्याओं और नशे की समस्या का सामना किया है। यदि आम आदमी पार्टी दोबारा सत्ता में आती है तो अगले पांच साल भी पंजाब की यही स्थिति बनी रह सकती है।
उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर करने की अपील की। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब को बचाना है तो लोगों को जागना होगा। आम आदमी पार्टी के नेताओं से बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब के लोगों को यह समझना होगा कि बीते पांच साल में राज्य ने क्या कुछ झेला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, लूट और नशे ने पंजाब को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य को इस स्थिति से बाहर निकालना है तो जनता को एकजुट होकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ खड़ा होना होगा।
हरसिमरत कौर बादल ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर भी कांग्रेस और गांधी परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए नरसंहार को उन्होंने खुद देखा था। उस समय वे छोटी थीं, लेकिन उन्हें आज भी शहर के हालात याद हैं।
उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।' बादल ने आरोप लगाया कि इस बयान का इस्तेमाल हिंसा को जायज ठहराने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को सिखों की तलाश करने, उन्हें घरों से बाहर खींचने और टायर डालकर जिंदा जलाने के लिए उकसाया गया था। हरसिमरत कौर बादल ने उस दौर की घटनाओं को बेहद दर्दनाक बताते हुए कांग्रेस और गांधी परिवार की भूमिका पर सवाल उठाए।