IMD Heavy Rain Alert: मानसून की सक्रियता के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, और गुजरात जैसे राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत सहित देश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसून की सक्रियता के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, और गुजरात जैसे राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इससे बाढ़, भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
दिल्ली-एनसीआर: लगातार बारिश से यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर 206.36 मीटर तक पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नोएडा और गाजियाबाद में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने जनजीवन को प्रभावित किया है। स्कूलों को 3 सितंबर तक बंद कर दिया गया है।
पंजाब और हरियाणा: सतलुज, ब्यास और रावी नदियों में उफान के कारण पंजाब के कई गांव जलमग्न हैं। हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में भारी बारिश की चेतावनी है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड: भारी बारिश से सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश: मथुरा, आगरा, पीलीभीत, और झांसी जैसे जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका जताई गई है।
गुजरात और महाराष्ट्र: कोंकण, गोवा और सौराष्ट्र में 4-6 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है।
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। हिमाचल में 1,311 सड़कें बंद होने के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला प्रशासन, NDRF और SDRF को हाई अलर्ट पर रखा है।