राष्ट्रीय

Monsoon Alert: गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, कई राज्यों में IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

IMD Rain Alert: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात हैं। जम्मू-कश्मीर में बारिश से तबाही मची है। जानिए मौसम विभाग ने किन राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Jul 24, 2026
Heavy Rainfall India
गुजरात व महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात (सोर्स: SR Law World एक्स स्क्रीनशॉट)

Weather Update: देशभर में मानसून अब पूरी रफ्तार में है। सावन शुरू होने से पहले ही कई राज्यों में मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। गुजरात और महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गुजरात-महाराष्ट्र में बारिश बनी मुसीबत

गुजरात के सूरत, वलसाड़, वापी, नवसारी और तापी जिलों में लगातार बारिश हो रही है। कई नदियां उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है। सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है। कई स्कूलों में एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित की गई है।

वहीं महाराष्ट्र के पालघर और नासिक जिले भी भारी बारिश की चपेट में हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से 800 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। लगातार बारिश की वजह से गुजरात और महाराष्ट्र के बीच चलने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर में बारिश और भूस्खलन से बढ़ी परेशानी

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में कई लोगों की मौत की भी खबर है। राजौरी, पुंछ और डोडा जैसे जिलों में कई सड़कें बंद हो गई हैं। राहत और बचाव दल लगातार लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। खराब मौसम के कारण बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इससे किसानों को राहत मिली है, लेकिन कई जगह जलभराव की समस्या भी देखने को मिल रही है।

अगले दो दिन इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें। लगातार बारिश को देखते हुए अगले दो दिन कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।