Jharkhand Rain Alert: झारखंड में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दुमका में एक 50 वर्षीय महिला उफनते नाले में बह गई। IMD ने गढ़वा, पलामू और चतरा के लिए ऑरेंज अलर्ट और लातेहार, हजारीबाग समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Jharkhand Weather News झारखंड में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश (Heavy Rain Alert) ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। खराब मौसम के कारण दुमका जिले में एक बड़ी घटना भी हो गई है। बताया जा रहा है कि एक 50 साल की महिला उफनते नाले में बह गई है। गुरुवार को अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।
इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश को लेकर गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, लातेहार, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद के लिए 4 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जो महिला नाले में बही है, उसकी पहचान सावित्री देवी के रूप में हुई है। दुमका में यह घटना बुधवार रात हुई। महिला तब गिलानपाड़ा इलाके में अपने घर से बाहर निकली थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के घुटनों तक पानी था। वह अपने घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित नाले में फिसलकर बह गई।
उन्होंने यह भी बताया कि जलभराव के कारण वह शायद नाले और अपने घर के बीच की दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाई होगी। उसका शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि कोडरमा, चतरा, हजारीबाग और रांची जैसे कई जिलों में बुधवार को भारी बारिश ने लोगों को घर पर रहने के लिए मजबूर कर दिया। राजधानी और राज्य के कई अन्य इलाकों में आज भी यानी कि गुरुवार को बारिश जारी रही।
दहशरे के दिन 2 अक्टूबर को कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 अक्टूबर को झारखंड में ज्यादातर जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 अक्टूबर तक राज्य भर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी ने कहा कि अगले तीन दिनों में तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।