राष्ट्रीय

Hemant Soren: हेमंत सोरेन की शपथ की तारीख से हटा सस्पेंस, इस दिन शुभ मुहूर्त में थामेंगे सत्ता की कमान

Hemant Soren Oath : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी प्रमुख हेमंत सोरेन तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

2 min read
Hemant Soren

Hemant Soren Oath: झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन के नए नेता हेमंत सोरेन को नया मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए सरकार बनाने का आमंत्रण दिया है। हेमंत सोरेन 7 जुलाई को शुभ मुहूर्त में शपथ लेंगे। अभी शपथ ग्रहण समारोह का स्थान और समय निर्धारित नहीं हुआ है। लेकिन रांची के मोरहाबादी मैदान में यह कार्यक्रम होने की बात कही जा रही है। राज्यपाल के बुलावे पर हेमंत सोरेन इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं के साथ गुरुवार दोपहर राजभवन पहुंचे, जहां उन्हें औपचारिक नियु्क्ति पत्र सौंपकर सरकार बनाने का आमंत्रण दिया गया।

इतने मंत्री ले सकते हैं शपथ

सूत्रों के मुताबिक, हेमंत सोरेन फुल बेंच कैबिनेट के साथ शपथ लेंगे। उनके साथ 10 या 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं। फिलहाल, मंत्रियों के नाम पर मंथन चल रहा है। इसके पहले झारखंड के सीएम चंपई सोरेन ने बुधवार शाम 7.15 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को इस्तीफा सौंपा था। इसके साथ ही सत्तारूढ़ गठबंधन के नए नेता हेमंत सोरेन ने नई सरकार के लिए दावा पेश करते हुए 45 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को दिया था।

Hemant Soren तीसरी बार बनेंगे झारखंड के सीएम

यह तीसरी बार होगा, जब हेमंत सोरेन सीएम पद की शपथ लेंगे। सबसे पहली बार वह 2013 में सीएम बने थे। इसके बाद 2019 में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चुनाव लड़ा और वे दूसरी बार सीएम बने थे। हेमंत सोरेन झारखंड में सीएम पद की शपथ लेने वाले तीसरे नेता होंगे। इसके पहले उनके पिता शिबू सोरेन और भाजपा के अर्जुन मुंडा तीन-तीन बार सीएम पद की शपथ ले चुके हैं।

Hemant Soren मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुए थे गिरफ्तार

31 जनवरी को ईडी ने जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में जब हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था, तो उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह उनके मंत्रिमंडल में शामिल रहे चंपई सोरेन ने 2 फरवरी को सीएम की कुर्सी संभाली थी। पांच महीने बाद हाईकोर्ट से जमानत मिलते ही हेमंत सोरेन 28 जून को जेल से बाहर आए और इसके छठे दिन ही गठबंधन ने चंपई सोरेन की जगह एक बार फिर हेमंत सोरेन को सीएम बनाने के फैसले पर मुहर लगा दी।

Published on:
04 Jul 2024 02:49 pm