राष्ट्रीय

30 करोड़ की हेरोइन…2.6 करोड़ का गांजा जब्त, इन दो राज्यों में NCB की बड़ी कार्रवाई

NCB Raid: बीएसएफ की सूचना पर सीआईडी और समेजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 6 किलो 400 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 से 30 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

2 min read
Mar 09, 2026
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान ( इमेज सोर्स: आईएएनएस)

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव 43 पीएस की रोही क्षेत्र में बॉर्डर पार से ड्रोन के जरिए हेरोइन तस्करी का मामला सामने आया है। बीएसएफ की सूचना पर सीआईडी और समेजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 6 किलो 400 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 से 30 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग जाने में सफल हो गए। सूचना मिलने के बाद रविवार देर रात सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान चने के खेत में छिपाकर रखे गए सात पैकेट बरामद हुए। वहीं डिलीवरी लेने आए एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान सिमरजीत सिंह, निवासी फाजिल्का (पंजाब), के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की गांव 43 पीएस में रिश्तेदारी है। लोकल संपर्क के जरिए वह हेरोइन लेने के लिए यहां आया था।

ये भी पढ़ें

238 बैलिस्टिक मिसाइल, 1,422 ड्रोन और 8 क्रूज मिसाइल… UAE पर ईरान का सबसे बड़ा हमला, चार की दर्दनाक मौत कई घायल

असम में एनसीबी की बड़ी कार्रवाई

नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गुवाहाटी जोनल यूनिट ने असम में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 524.9 किलो गांजा बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.6 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एनसीबी के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 8 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गुवाहाटी जोनल यूनिट ने 155वीं बटालियन सीआरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए असम के खाटखाटी इलाके में एक टाटा इंट्रा वी70 ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। वाहन की गहन जांच के दौरान ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने इस नशीले पदार्थ को बेहद चालाकी से छिपाकर रखा था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचाया जा सके। तलाशी के दौरान कुल 524.9 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा मणिपुर के सेनापति जिले के जंगल क्षेत्रों से लाया गया था और इसे पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले तक पहुंचाने की योजना थी। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही हैं।

एनसीबी गुवाहाटी जोनल यूनिट द्वारा पिछले एक महीने में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 7 फरवरी को भी एनसीबी ने 147वीं बटालियन सीआरपीएफ की मदद से असम के सिलचर के पास छापेमारी कर 11.7 किलो मेथामफेटामिन बरामद किया था। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 9.5 करोड़ रुपए आंकी गई थी।

ये भी पढ़ें

बिहार में नीतीश के हटते ही यूपी BJP में क्यों हलचल, जानिए वजह?

Published on:
09 Mar 2026 10:54 pm
Also Read
View All

अगली खबर