
गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स को हराया (Image: ANI)
GT vs RCB: IPL 2026 के 42वें मैच में GT ने RCB को 4 विकेट से हरा दिया है। इस मुकाबले के बाद प्वाइंट्स टेबल में किसी भी टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। गुजरात टाइटंस 9 में से 5 मैच जीतकर 5वें पायदान पर है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 9 में से 3 मैच गंवाकर दूसरे स्थान पर है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB सिर्फ 155 रन पर सिमट गई, इसके जवाब में गुजरात ने 15.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी 19.2 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई। इस टीम को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 2.4 ओवरों में 34 रन जोड़े। जैकब बेथेल 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके अगले ओवर में विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए।
कोहली ने 13 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 28 रन की पारी खेली। RCB ने 3.2 ओवरों में 35 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान रजत पाटीदार (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही विकेट की झड़ी लग गई।
पड्डिकल ने रोमारियो शेफर्ड के साथ सातवें विकेट के लिए 30 रन जुटाए। पड्डिकल 24 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शेफर्ड ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके बाद वेंकटेश अय्यर (12) ने भुवनेश्वर कुमार (नाबाद 15) के साथ 9वें विकेट के लिए 29 रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। वहीं, विपक्षी टीम से अरशद खान ने 3.2 ओवरों में 22 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट निकाले। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 1-1 सफलता मिली।
RCB के जवाब में उतरी गुजरात टाइटंस ने 15.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। साईं सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ 3 ओवरों में 42 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि गिल ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। इस टीम ने 5 ओवरों में 57 के स्कोर तक सलामी जोड़ी को गंवा दिया था, जिसके बाद जोस बटलर (39) ने वॉशिंगटन सुंदर (12) के साथ तीसरे विकेट के लिए 15 गेंदों में 35 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखरती नजर आई।
GT ने 111 के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद राहुल तेवतिया ने जेसन होल्डर के साथ छठे विकेट के लिए 20 गेंदों में 36 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया। तेवतिया 17 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि होल्डर ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 2 विकेट निकाले। सुयश शर्मा के नाम पर 1 विकेट रहा।
Updated on:
01 May 2026 12:03 am
Published on:
30 Apr 2026 11:59 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
IPL 2026
