हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भीषण सड़क हादसा: शिमला से कुपवी जा रही निजी बस खाई में गिरी, 14 की मौत और 35 घायल। पीएम मोदी ने सहायता राशि का किया ऐलान। पढ़ें पूरी खबर।
Himachal Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को हरिपुरधार के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई यात्रियों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह निजी बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी। हरिपुरधार के समीप बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान को गति दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए कहा, "मैं उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है।''
वहीं, हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस हादसे में लोगों की मौत बहुत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।”