
AJUP Founder Humayun Kabir Statement: ऑल इंडिया जनशक्ति यूनाइटेड पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मौजूदा राजनीतिक संकट को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बेहद गंभीर और तीखे आरोप लगाए हैं। मालदा में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने राज्य में जारी प्रशासनिक अराजकता की आलोचना की और भ्रष्टाचार तथा हिंसा में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बाबरी मजिस्द बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लूटपाट में शामिल लोगों को आजाद नहीं छोड़ा जाना चाहिए, उन्हें तुरंत जेल भेजा जाना चाहिए। जब उनसे पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी के सांगठनिक बिखराव और पतन के मुख्य कारणों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को कटघरे में खड़ा किया।
AJUP संस्थापक ने कहा, 'मुझे लगता है कि ममता बनर्जी खुद इसके लिए ज़िम्मेदार हैं। उन्होंने सिर्फ अपनी सत्ता बरकरार रखने पर ध्यान केंद्रित किया और पार्टी के अन्य जमीनी नेताओं व सहयोगियों की पूरी तरह अनदेखी की।' उन्होंने ममता बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दों पर बिना पूरी जानकारी के ही गैर-जिम्मेदाराना बयान दिए। राज्य की जनता और राजनीतिक गलियारों में सब कुछ पहले से साफ था, और अंततः वही हुआ जिसकी आशंका लंबे समय से जताई जा रही थी।
भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। BJP ने शुक्रवार को दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के 20 लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक दस्तावेज यह साबित करता है कि असली TMC की कमान काकोली घोष दस्तीदार के हाथों में है। ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी नकली TMC का प्रतिनिधित्व करते हैं।
कोलकाता पुलिस ने ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज की है। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सिलसिले में एक राजनीतिक रैली के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ और सांप्रदायिक बयान देने के आरोप में ममता के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है। यह FIR कोलकाता सेंट्रल डिवीजन के हेयर स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है।