
मुंबई। महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे प्रशांत किशोर के बयान का जवाब खुद देंगे। कांग्रेस को इस विवाद में पड़ने की जरूरत नहीं है। हुसैन दलवाई ने कहा कि रेलवे केंद्र सरकार का प्रोजेक्ट है। ऐसे में अगर रेलवे में धर्म को बढ़ावा देना शुरू कर दिया जाएगा तो फिर दूसरे कामों के लिए कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि छठ पूजा को लेकर इतनी बातें करने वाले नेताओं को उन लोगों की स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए, जो बिहार, उत्तर प्रदेश और बंगाल से यहां मजदूरी करने आते हैं।
दलवाई ने कहा कि निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले मजदूर किस तरह की परिस्थितियों में रहते हैं, उन्हें कितनी मजदूरी मिलती है और चौकीदार के रूप में काम करने वालों को क्या मिलता है, इन मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए। बता दें कि राज ठाकरे ने हाल ही में बिहार के महापर्व छठ पूजा और भोजपुरी गानों को लेकर विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने छठ और भोजपुरी गानों को 'महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमला बताया' था और रेलवे स्टेशनों पर बज रहे भोजपुरी गाने बंद करवा दिए थे। इसके बाद प्रशांत किशोर ने बयान दिया था। पीके ने राज ठाकरे को खूब खरी-खरी सुनाई थी।
कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने कहा कि हमें अभी यह नहीं पता कि परिसीमन कैसे होगा या आगे क्या होने वाला है। इसलिए अभी इस पर टिप्पणी करना या आलोचना करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कुछ सीटें देना एक हद तक ठीक है, लेकिन लोगों को डर है कि दक्षिण भारत की सीटों की संख्या कम हो सकती है और उत्तर भारत की सीटें बढ़ सकती हैं। दलवाई ने कहा कि कि परिसीमन की प्रक्रिया इस तरह भी की जा सकती है कि जिन निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा को वोट नहीं मिलते, उन्हें अलग कर दिया जाए या उनका पुनर्गठन कर दिया जाए।