
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम में करारी हार मिलने के बाद तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देने की बात पर अड़ी हुई हैं। मंगलवार को ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल के बाद अब भारत की टीम एकजुट है। मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। चाहे वे मुझे बर्खास्त कर दें।
पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि मैं चाहती हूं कि यह काला दिन हो। हमें मजबूत रहना होगा। विधानसभा के पहले दिन काले कपड़े पहनें। जिन्होंने विश्वासघात किया है, उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाएगा। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं हंस रही हूं। मैंने उन्हें नैतिक रूप से हराया है। मैं एक स्वतंत्र पंछी हूं। मैंने सबके लिए काम किया है। हम भले ही हार गए हों, लेकिन हम लड़ेंगे।
नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक में ममता बनर्जी ने कहा कि जो लोग हारे हैं, उन्हें जबरदस्ती हराया गया है। मैं पश्चिम बंगाल पुलिस, सीआरपीएफ, भाजपा समर्थक मुख्य निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग की निंदा करती हूं। पार्टी के 1500 से अधिक कार्यालयों पर कब्जा कर लिया गया। मुझे धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। मुझे सीने में दर्द हो रहा था। यह चुनाव नहीं, बल्कि एक अत्याचार था।
आपको बता दें कि चुनाव परिणाम के एक दिन बाद मंगलवार को ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि यह लोकतंत्र की हार हुई है, हम फिर से वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं इस्तीफा नहीं दे रही हूं, क्योंकि जब मैं हारी नहीं तो इस्तीफे का सवाल ही नहीं। मुझसे जबरदस्ती कोई इस्तीफा नहीं ले सकता। नैतिकता के तौर पर मैं कह रही हूं कि मैं जीती हूं, इसलिए लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता ने चुनाव आयोग को खलनायक करार दिया था उन्होंने कहा था कि SIR से 90 लाख वोट हटाए गए। भगवा पार्टी ने 100 सीटें लूट ली है। हमारी पार्टी को हराने के लिए बीजेपी ने हर तरह का हथकंड़ा अपनाए। उन्होंने कहा था कि इंडिया गठबंधन हमारे साथ खड़ा है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने मुझसे बात की। अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन ने भी फोन पर बातचीत हुई। मैं हमेशा इंडिया गठबंधन के साथ रहूंगी।