राष्ट्रीय

मौसम विभाग की चेतावनी, उत्तर भारत के कई राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट, तेज हवा के साथ होगी बारिश

AAJ KA Mausam: पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत का मौसम बदला हुआ है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी है। किसानों को नुकसान की आशंका, बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ा। आने वाले दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है।

2 min read
Apr 05, 2026
AAJ KA Mausam(AI Image-ChatGpt)

Weather Update: उत्तर भारत का मौसम इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। मार्च में जहां गर्मी धीरे-धीरे पैर पसार रही थी, वहीं अप्रैल की शुरुआत में ही मौसम ने करवट ले ली है। इसकी वजह है एक के बाद एक सक्रिय हुए दो पश्चिमी विक्षोभ, जिनकी वजह से कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए यह मुसीबत बन गई है। कई इलाकों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, खासकर उन जगहों पर जहां ओले गिरे हैं।

IMD Alert: दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का असर


राजधानी दिल्ली में पिछले दिन जोरदार बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। आज भी तेज हवाएं चल रही हैं और मौसम पूरी तरह बदला-बदला सा है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 अप्रैल को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ अपने चरम पर होगा। ऐसे में 8 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। हालांकि 6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन पूरी तरह साफ मौसम की उम्मीद अभी नहीं है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Rajasthan Weather: राजस्थान में ओलावृष्टि से नुकसान


राजस्थान के कई हिस्सों में ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कुछ जगहों पर तो जमीन पर बर्फ जैसी सफेद परत नजर आई। आज जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में फिर से ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है।
5 और 6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 7 अप्रैल से मौसम फिर बदल सकता है।

Weather Update: यूपी और बिहार में भी बारिश का असर


उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झांसी, जालौन, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं लखनऊ, कानपुर और हरदोई में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हवाएं भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। बिहार की बात करें तो रोहतास, गया, भोजपुर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के साथ-साथ पटना में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी


हिमाचल प्रदेश में ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि 5 और 7 अप्रैल को बादल छाए रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल जैसे इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

Published on:
05 Apr 2026 07:56 am
Also Read
View All

अगली खबर