Heatwave Alert May: उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 7 दिनों में तापमान 47 डिग्री के पार जा सकता है।
IMD Heatwave Alert: देशभर में बीते कुछ दिनों से गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बढ़ते तापमान की वजह से आम लोगों के साथ जानवरों का भी बुरा हाल हो रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों (13 से 19 मई) के लिए उत्तर और मध्य भारत में तेज गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ कई राज्यों में हीट वेव और सीवियर हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में 13 से 17 मई तक गंभीर स्थिति रहने की संभावना है।
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री की वृद्धि होने वाली है। मध्य भारत में 17 मई तक 2-3 डिग्री और पूर्वी भारत में 2-4 डिग्री तक तापमान बढ़ेगा। गुजरात में 15 मई से तापमान 2-4 डिग्री गिरने की संभावना है, जबकि महाराष्ट्र में 16 मई तक बढ़ोतरी के बाद गिरावट आएगी। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।
पश्चिम राजस्थान में 13 से 15 मई तक कई जगहों पर हीट वेव के साथ कुछ इलाकों में सीवियर हीट वेव रहेगी। पश्चिम मध्य प्रदेश में 13 से 17 मई तक यही स्थिति बनी रहेगी। पूर्व राजस्थान, विदर्भ, पूर्व मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 16 से 19 मई के दौरान अलग-अलग जगहों पर हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र-कच्छ और गुजरात क्षेत्र में 13-14 मई को भी गर्मी का प्रकोप रहने वाला है। गर्म रातों (Warm Night) की स्थिति पश्चिम राजस्थान में पूरे सप्ताह, पूर्व राजस्थान में 13-15 मई, विदर्भ-मराठवाड़ा में 13-14 मई और मध्य महाराष्ट्र में 13 मई को रहने की संभावना है। कोकण और गोवा में 13-14 मई को गर्म और आर्द्र मौसम (Hot & Humid) रहेगा।
12 मई को बाड़मेर (राजस्थान) में 47.3 डिग्री का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। 13 मई को न्यूनतम तापमान में पश्चिम और पूर्व मध्य प्रदेश, पूर्व राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में काफी ऊपर (markably above normal) दर्ज किया गया। रोहतक (हरियाणा) में 21.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ मैदानी इलाकों में सबसे कम रात का तापमान रहा।
13 से 18 मई तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ झक्कड़ की संभावना है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। अरब सागर में कोई चेतावनी नहीं है।