Rain Alert: दिवाली पर देश के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। इसी बीच मौसम विभाग ने 19, 20, 21 और 22 अक्टूबर के लिए कई राज्यों के लिए झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
देशभर में दिवाली (Diwali) फेस्टिव सीज़न की धूम है। ऐसे में मन में यह सवाल आना भी स्वाभाविक है कि त्यौहारी दिनों में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा? भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिवाली के दौरान कई राज्यों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 19, 20, 21 और 22 अक्टूबर के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट (Rain Alert) जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिवाली और गुजराती नववर्ष (20-22 अक्टूबर) के दौरान दक्षिण गुजरात के डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन इलाकों में गुरुवार को भी हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, गुजरात के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। इसके अलावा IMD ने 19, 20, 21 और 22 अक्टूबर के लिए केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, अंडमान-निकोबार, ओडिशा, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे दिवाली पर लोगों को परेशानी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में 19 से 22 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रातें ठंडी रहेंगी। हालांकि, कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली और एनसीआर में पिछले 24 घंटों में तापमान स्थिर रहा है, जिसमें अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17-18 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिवाली के दौरान मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जिससे त्योहार का उत्साह बना रहेगा।