राष्ट्रीय

देश में Pre-Monsoon का असर तेज, कई राज्यों में 20, 21, 22 मार्च को बारिश और ओलावृष्टि का IMD अलर्ट

Rainfall Activity: IMD ने Pre-Monsoon को लेकर अलर्ट जारी किया है। 20, 21 और 22 मार्च को देश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम अपडेट पढ़ें और सावधानी बरतें।

3 min read
Mar 20, 2026
India Rain Alert by IMD

Rain and Hailstorm alert by IMD: देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 20 से 22 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इस दौरान उत्तर के पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी, जबकि पूर्वोत्तर में बरसात और मध्य भारत के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 30-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं जनजीवन के साथ-साथ तैयार फसलों को भी प्रभावित कर सकती हैं।

ये भी पढ़ें

Pre-Monsoon: मौसम ने ली करवट, कई राज्यों में 4 दिनों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का IMD Alert

उत्तर-पश्चिम भारत: बारिश-बर्फबारी

उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम की हलचल मुख्य रूप से 20 मार्च तक बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 20 मार्च तक अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की संभावना भी जताई गई है। मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में 20 मार्च तक गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में मौसम का सबसे ज्यादा असर तेज हवाओं के रूप में दिखेगा। विभाग के अनुसार, इन राज्यों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज झोंके वाली हवाएं (Gusty Winds) चलेंगी। विशेष रूप से राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 21 मार्च से इन सभी क्षेत्रों में मौसम में सुधार होना शुरू हो जाएगा और 22 मार्च तक स्थिति सामान्य होने लगेगी।

पूर्वोत्तर भारत: बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत में 20 से 22 मार्च के दौरान मौसम सक्रिय रहेगा। यहां मुख्य रूप से अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 20 मार्च के आसपास कुछ स्थानों पर भारी बारिश (Heavy Rainfall) का पूर्वानुमान है, लेकिन यह गतिविधि सीमित क्षेत्रों तक ही रहेगी।नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 20 से 22 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस पूरे क्षेत्र में बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। 22 मार्च को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन छिटपुट बौछारें जारी रह सकती हैं।

मध्य और पूर्वी भारत: ओलावृष्टि और तेज हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य और पूर्वी भारत में मौसम का असर 20 और 21 मार्च को अधिक रहेगा। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 मार्च के आसपास कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) हो सकती है, हालांकि यह गतिविधि सीमित रहेगी। पूर्वी भारत के राज्यों गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 20 और 21 मार्च को मौसम सक्रिय रहेगा। इन दो दिनों के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (Thundersquall) चल सकती हैं। ओडिशा और आसपास के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 22 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और आंधी-तूफान जारी रह सकता है।

दक्षिण भारत: गरज-चमक के साथ हल्की बारिश

IMD के अनुसार दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में 20 मार्च के आसपास गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। हालांकि 21 और 22 मार्च से अधिकांश स्थानों पर मौसम धीरे-धीरे शुष्क (dry) होने लगेगा और गतिविधियां कम हो जाएंगी।

Also Read
View All

अगली खबर