3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Pre-Monsoon: मौसम ने ली करवट, कई राज्यों में 4 दिनों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का IMD Alert

Heavy Rain: IMD ने 18 मार्च से देश के कई राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में तेज रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं। अगले 5 दिनों के मौसम का पूरा पूर्वानुमान यहां पढ़ें।

2 min read
Google source verification
Heavy Rain alert by IMD in March

मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट किया जारी (File Photo)

Weather Update: देश में 18 मार्च यानी आज से मौसम में व्यापक और तेज बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक अलग-अलग हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। चार दिनों के दौरान कहीं तेज आंधी, कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, कहीं ओलावृष्टि और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर देखने को मिलेगा। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव होगा और जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि

उत्तर-पश्चिमी भारतीय राज्यों में 18 से 20 मार्च के दौरान मौसम काफी सक्रिय रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 20 मार्च को भारी वर्षा और बर्फबारी की प्रबल संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 मार्च को ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। मैदानी इलाकों की बात करें तो 19 और 20 मार्च को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के आसार हैं। इस दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। उत्तराखंड में 19-20 मार्च और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकते हैं।

पूर्वोत्तर भारत में आंधी-बारिश और बिजली का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम का असर बना रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 18 से 21 मार्च तक व्यापक रूप से हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 मार्च तक छिटपुट बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। विशेष रूप से 18 मार्च को इन सभी राज्यों में बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि, 17 मार्च की तुलना में आगे वर्षा की तीव्रता में कमी आएगी, लेकिन मौसम के इस बदलाव के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मध्य और पूर्वी भारत में ओले गिरने की चेतावनी

मध्य और पूर्वी भारत में भी 21 मार्च तक गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा। छत्तीसगढ़ में 18 और 19 मार्च को जबकि विदर्भ में 18 मार्च को ओलावृष्टि की संभावना है। मध्य प्रदेश में 20 मार्च को ओले गिर सकते हैं। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 20 और 21 मार्च को तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है, जहां हवा की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

दक्षिण और पश्चिमी भारत में आंधी-पानी का असर

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के राज्यों तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 21 मार्च तक छिटपुट बारिश और बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। केरल में 19 मार्च तक यह प्रभाव बना रहेगा। वहीं, पश्चिमी भारत के महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा में 18-19 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश, साथ ही 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। देश भर में इस मौसमी हलचल के कारण अगले एक सप्ताह तक भीषण लू चलने की कोई संभावना नहीं है और तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है।