3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LPG Crisis: देश में ईंधन आपूर्ति पर आया मोदी सरकार का बयान, जानें क्या कहा

Gas Price Hike: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रल्हाद जोशी ने वैश्विक कारणों का हवाला दिया है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Ashib Khan

May 03, 2026

पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी (Photo-Instgram namoleague)

LPG Crisis: कमर्शियल सिलेंडर के दामों में इजाफा करने के बाद विपक्ष ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। विपक्ष ने इसको आम जनता और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर डालने वाला फैसला बताया। वहीं अब मोदी सरकार की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि देश में गैस की कीमतें वैश्विक परिस्थितियों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश में ईंधन आपूर्ति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। मीडिया से बातचीत में जोशी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को इसका प्रमुख कारण बताया।

क्या बोले जोशी

मंत्री जोशी ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में टैक्स की दरें भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों को प्रभावित करती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कर्नाटक सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें तीन बार क्यों बढ़ाईं।

इस दौरान उन्होंने 9 मई को कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के लिए आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के बारे में भी बात की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि येदियुरप्पा ने दक्षिण भारत में बीजेपी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यह कार्यक्रम उनके लंबे राजनीतिक करियर को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

विधानसभा चुनाव में जीतेगी बीजेपी

केंद्रीय मंत्री जोशी ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में बीजेपी की शानदार जीत होगी। बता दें कि इन सभी जगहों पर सोमवार को मतगणना होगी।

राहुल गांधी ने साधा निशाना

दरअसल, कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला बोल दिया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इसको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा कि एक ही दिन में 993 रुपये की बढ़ोतरी अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। उन्होंने कहा कि फरवरी से अब तक गैस सिलेंडर की कीमत में 1,380 रुपये यानी करीब 81% की बढ़ोतरी हुई है।

राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि इसका असर चाय की दुकानों, ढाबों, होटलों, बेकरी और मिठाई की दुकानों जैसे छोटे व्यवसायों पर पड़ेगा, जिससे आम लोगों का खर्च भी बढ़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि गैस के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी जल्द बढ़ोतरी हो सकती है।