
IMD Rain Forecast in Several States : भारत में मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। मानसून की गतिविधियों के चलते पूर्वी और उत्तरपूर्वी भारत में व्यापक रूप से भारी वर्षा हुई है। तेज बारिश बाढ़ से सिक्किम के मंगन में बेली ब्रिज ढह गया। बाढ़, भूस्खलन और जनजीवन में व्यवधान का अंदेशा बढ़ गया है। यह स्थिति उपमहाद्वीप में लगातार आगे बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून की बढ़ती ताकत दर्शा रही है। दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के मध्य और उत्तरी भागों की ओर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने मानसून का कहर के कारण पूर्वी भारत में रेड अलर्ट जारी किया है। आज अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताते हुए पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इधर भारत के पूर्वोत्तर में निरंतर भारी बारिश हो रही है, जबकि असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण और गोवा, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी भारी वर्षा की संभावना है। इन राज्यों के कई निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, जबकि कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
हालत यह है कि उत्तरी भारत में भीषण गर्मी से बुरा हाल है तो दिल्ली में तूफान, भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच लोग बारिश से राहत पाने की राह देख रहे हैं। देश में मानसून के कारण कई राज्यों में बारिश हुई। सिक्किम के जोंगे जिले के फिडांग में फी खोला नदी पर बना बेली ब्रिज शनिवार रात हुई बारिश के कारण पूरी तरह बह गया,जिससे फिडांग संकलंग मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। इस घटना से सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और अधिकारियों ने निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि लगातार बारिश से जलभराव और स्थानीय बाढ़ आ सकती है।
आगामी तीन से चार दिनों में, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ के शेष भागों, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हालात बनने की संभावना है। इधर दिल्ली-एनसीआर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है और लोग जुलाई के पहले सप्ताह में आने वाले मानसून की राह ताक रहे हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान सहित उत्तरी राज्यों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति बनी हुई है जबकि तटीय क्षेत्रों में समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं, मछुआरों की सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली,,पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश,उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान सहित कई उत्तरी राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं व गरज के साथ तूफान आने का पूर्वानुमान लगाया है। अनुमान है कि हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 40 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने झारखंड में तेज हवाओं का अनुमान लगाया है, जिसमें कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, तापमान के रुझानों से पता चलता है कि महाराष्ट्र में 29 जून तक तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। मध्य भारत में भी तापमान में कुछ समय के लिए बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जिसके बाद सप्ताह के आखिर में इसमें थोड़ी गिरावट आ सकती है।