
Imran Masood News : नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इंडिया गठबंधन को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। चौहान के 'वोट चोरी नहीं हुई है, इनकी बुद्धि चोरी हो गई है' वाले बयान पर मसूद ने कहा कि उन्हें पहले अपनी अक्ल और अपनी कुर्सी की चिंता करनी चाहिए।
मसूद ने कहा कि चौहान साहब अपनी अक्ल की फिक्र कर लें पहले। उनकी अपनी कुर्सी बची रहे, इस बात की चिंता करें। रोज उनसे इस्तीफा मांगा जा रहा है और वो इस्तीफा दे नहीं रहे। अब पता नहीं कब जबरन लाकर उनका इस्तीफा करा लिया जाएगा। तो वो अपनी परवाह करें, दूसरे की परवाह छोड़ दें।
कांग्रेस सांसद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने देश के भरोसे को तोड़ा है और उन्होंने घोर अपराध किया है। मसूद ने इसे 'राष्ट्रद्रोह' करार देते हुए कहा कि अगर उनमें नैतिकता होती तो उन्हें खुद पद से चले जाना चाहिए था। मसूद ने कहा कि लेकिन ये जाएंगे, आज नहीं जाएंगे, कल जाएंगे, जाएंगे जरूर, ये तय है।
इमरान मसूद ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर भी शोक जताया। उन्होंने कहा कि एक महान अभिनेता का जाना हुआ है और यह एक पूरे युग का अंत है। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर जैसा दूसरा अभिनेता पैदा हो, यह मुश्किल है। जिस तरह अभिनेता दिलीप कुमार की कोई बराबरी नहीं कर सकता, उसी तरह नाना पाटेकर जैसा भी कोई दूसरा नहीं है।