कांग्रेस (Congress) को अपने पुराने दफ्तर, जो 24 अकबर रोड में स्थित है, जल्द ही खाली करना पड़ सकता है।
नेशनल कांग्रेस को 24 अकबर रोड, दिल्ली में स्थित अपने पुराने मुख्यालय और यूथ कांग्रेस कार्यालय 5 रायसीना रोड को खाली करने का नोटिस भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, पार्टी को 28 मार्च तक इन दोनों दफ्तरों को खाली करना अनिवार्य कर दिया गया है।
कांग्रेस ने इंदिरा भवन में अपने नए मुख्यालय का उद्घाटन पहले ही कर लिया है, लेकिन पुराने बंगले 24 अकबर रोड से अब तक पलायन नहीं किया था। इस कारण पार्टी की गतिविधियां इसी स्थान पर लगातार जारी थीं। वहीं, 5 रायसीना रोड स्थित यूथ कांग्रेस कार्यालय के बारे में भी पार्टी को खाली करने के लिए नोटिस मिला है।
24 अकबर रोड कांग्रेस का लगभग 48 साल पुराना मुख्यालय है। नए कार्यालय इंदिरा भवन के बाद भी पुराना कार्यालय पार्टी की कई गतिविधियों के लिए प्रयोग में लिया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक पार्टी की कई बैठकों और प्रोग्रामों का संचालन अभी भी यहीं से हो रहा था।
राजनीय दल को नोटिस मिलने के बाद से ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कानूनी सलाह और विकल्पों पर विचार शुरू कर दिया है। पार्टी इस मसले पर मजबूरी और औपचारिकताओं को लेकर प्रतिक्रिया तैयार कर रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस जल्द ही इस मामले में कानूनी दिशा अपनाएगी।
कांग्रेस को 24 अकबर रोड ऑफिस खाली करने के नोटिस पर पार्टी सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, भाजपा सरकार लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। नोटिस हम तक पहुंचने दें। हम उसपर राजनीति रूप से विचार करके कार्रवाई करेंगे।
कांग्रेस को उसके 24, अकबर रोड कार्यालय से 28 मार्च तक खाली करने के नोटिस पर पार्टी सांसद इमरान मसूद ने कहा, सरकार सोचती है कि वह हम पर दबाव बनाकर कांग्रेस को चुप करा सकती है। उन्हें हमें डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। क्या उन्होंने भाजपा का ऑफिस 11, अशोक रोड या पंत मार्ग पर लिया है? क्योंकि वे ईरान युद्ध के मामले में कुछ नहीं कर पाए हैं, इसलिए वे इस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों कार्यालयों 24 अकबर रोड बंगला, 5 रायसीना रोड यूथ कांग्रेस ऑफिस को 28 मार्च तक पूरी तरह से खाली कर देने का निर्देश दिया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और जिला इकाइयों को भी जल्द से जल्द निर्देश जारी होने की संभावना है।