राष्ट्रीय

India AI Impact Summit 2026 मामले में बड़ी कार्रवाई, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार

एआई समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Feb 24, 2026
Youth Congress President Uday Bhanu
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु (फोटो- आईएएनएस)

दिल्ली में आयोजित कए गए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। खबरों के अनुसार भानु को मंगलवार तड़के करीब साढे चार बजे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने भानु को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया और 7 दिन की रिमांड की मांग की है।

वकील ने कहा भानु की गिरफ्तारी की जरूरत नहीं

पुलिस ने कोर्ट में कहा कि उन्हें भानु को जांच के लिए कई जगहों पर ले जाना होगा। पुलिस के अनुसार भानु एआई समिट के दौरान हुए पदर्शन की पूरी साजिश में शामिल था उसने प्रदर्शनकारियों को लॉजिस्टिक मुहैया कराया था। पुलिस के अनुसार उनके पास भानु के खिलाफ अहम सबूत है। वहीं वकील का कहना है कि भानु ने जांच में पूरा सहयोग दिया है ऐसे में उसकी गिरफ्तारी की कोई जरूरत नहीं है।

शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में अब तक 7 लोग गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, भानु को गिरफ्तार करके पुलिस तिलक मार्ग थाने ले गई है और थाने की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। थाने की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती भी की गई। इसके साथ ही पुलिस के जवान भी गेट पर लगातार तैनात रहे। बता दें कि गिरफ्तारी से पहले भानु को हिरासत में लेकर पुलिस ने करीब 20 घंटे तक पूछताछ की थी। एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस करीब 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

तिरुवल्लुर सांसद ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

तिरुवल्लुर से कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने भानु की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। सेंथिल ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 20 घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने बेशर्मी से उदय भानु को सुबह 4 बजे गिरफ्तार कर लिया। सेंथिल ने आगे लिखा, हमें उदय और यूथ कांग्रेस के योद्घाओं पर गर्व है। देश के युवाओं के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस पार्टी के नेता मामले की शुरुआत से ही यूथ कांग्रेस की हरकत के पक्ष में बयानबाजी करते नजर आ रहे है।

केसी वेणुगोपाल ने कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग की

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने भी इस मामले पर बयान देते हुए दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदी की थी। वेणुगोपाल ने कहा था कि सरकार यह भूल गई है कि विरोध प्रदर्शन कोई अपराध नहीं बल्कि लोकतंत्र का मूल तत्व है। इंडियन यूथ कांग्रेस के हमारे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार को बहादूरी से उजागर किया है। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था, बिना किसी हिंसा को भड़काए। वेणुगोपाल ने मांग की कि गिरफ्तार किए गए सभी कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगे सभी आरोप वापस लिए जाए।

Updated on:
24 Feb 2026 10:52 am
Published on:
24 Feb 2026 09:43 am