
Attack on GFS Galaxy Ship: भारत सरकार ने ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे कमर्शियल कार्गो जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले की निंदा की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, साइप्रस के झंडे वाले इस कमर्शियल जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे, स्थानीय अधिकारियों की मदद से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है।
मस्कट में भारतीय दूतावास स्थानीय ओमान प्रशासन और नौसेना के लगातार संपर्क में है और लापता भारतीय नाविक का पता लगाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में कमर्शियल जहाजों को बार-बार निशाना बनाए जाने को चिंता का विषय बताया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से अब तक 10 को बचा लिया गया है, जबकि 1 भारतीय नागरिक के लापता होने की सूचना है। मंत्रालय ने हमलों को शांति व्यवस्था के लिए खतरनाक बताया। MEA द्वारा जारी बयान में कहा गया कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार तनाव कम करने के लिए संवाद कायम करने के रुख पर कायम है। उन्होंने अपील की कि सभी मसलों को शांतिपूर्ण तरीके से व बातचीत के जरिए सुलझाएं। जिससे कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस लाई जा सके।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एकबार फिर इस बात पर जोर दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज व अन्य जगहों पर वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप क्षेत्र के समुद्री मार्गों पर स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन तथा व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर खाड़ी देशों पर भी दिखाई देने लगा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी सैन्य हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स IRGC ने दावा किया कि उसने कतर स्थित अल उदीद एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। आईआरजीसी ने कहा कि उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस पर भी कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।