
India Czech Military Relations: भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर अहम बातचीत हुई है। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने 16 से 19 नवंबर तक चले अपने चेक गणराज्य दौरे में वहां के सैन्य अधिकारियों और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ कई बैठकें कीं। इन मुलाकातों में रक्षा तकनीक, सैन्य उपकरणों और सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
दौरे के आखिरी दिन जनरल सेठ ने चेक गणराज्य की इंटरगवर्नमेंटल कोऑपरेशन एजेंसी (AMOS) के उप महानिदेशक, डिफेंस एंड सिक्योरिटी इंडस्ट्री एसोसिएशन (AOBP) के उपाध्यक्ष और वहां की रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। बातचीत में दोनों देशों की रक्षा उत्पादन क्षमता और कंपनियों के बीच मिलकर काम करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
बैठक में इस बात पर जोर रहा कि भारत और चेक गणराज्य रक्षा क्षेत्र में एक-दूसरे के अनुभव और तकनीक का किस तरह फायदा उठा सकते हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरणों के विकास, उत्पादन और तकनीकी सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर भी बातचीत हुई। इससे आने वाले समय में दोनों देशों की रक्षा कंपनियों के बीच साझेदारी को बढ़ावा मिल सकता है।
दौरे के दौरान सेना प्रमुख ने प्राग स्थित चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ मुख्यालय का भी दौरा किया। यहां उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का से मुलाकात की। दोनों सैन्य अधिकारियों ने बदलते सुरक्षा हालात, सैन्य सहयोग और प्रशिक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान जनरल सेठ को चेक सेना की 'होराइजन 2035' योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। इस योजना में भविष्य की जरूरतों के हिसाब से सेना को आधुनिक बनाने, नई तकनीक अपनाने और युद्ध के बदलते तरीकों के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया है।
जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य की उप विदेश मंत्री मैरी चातार्दोवा से भी मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के आपसी रिश्तों और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान भारत के राजदूत रवीश कुमार भी मौजूद रहे। जनरल धीरज सेठ का यह दौरा भारत और चेक गणराज्य के बीच सैन्य संबंधों के साथ-साथ रक्षा उद्योग में आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने की कोशिशों का हिस्सा रहा।