
Haritha Keralam Mission : कचरे से कमाई और सम्मान: केरलम की महिलाओं ने कैसे बदली राज्य की तस्वीर? (फोटो सोर्स:haritham.kerala.gov.in)
Kerala Waste Management: सुबह घर का काम निपटाकर, बेटे को विदा करके, 65 साल की मेनका व्हाट्सऐप ग्रुप में अपनी फोटो डालती हैं। यही उनके दिन की शुरुआत है। केरलम के अरुकुट्टी गांव में वे और उनकी साथी महिलाएं घर-घर जाकर प्लास्टिक का कचरा जमा करती हैं। यह कचरा रोज के काम से कहीं ज्यादा है। यह राज्य के जीरो-वेस्ट बनने के सपने की नींव है, और इस नींव को थामे हैं हजारों महिलाएं।
वेम्बनाड झील के किनारे बसे अरुकुट्टी गांव में टिन के एक शेड में दोपहर का वक्त है। गुलाबी सलवार-कमीज और हरे कोट में महिलाएं बोतलों, पन्नियों और स्ट्रॉ के ढेर के बीच बैठी हैं। हर चीज अलग-अलग बोरे में जा रही है। यह राज्य की 1,110 मटेरियल कलेक्शन फैसिलिटी में से एक है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक यह सब हरित केरलम मिशन का हिस्सा है।
8 दिसंबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यह मिशन शुरू किया था। सुचित्वा मिशन के अधिकारी अमीर शाह के अनुसार राज्य में रोज औसतन 10,044 टन ठोस कचरा निकलता है, जिसमें 30 प्रतिशत गलने वाला नहीं है। पूर्व मुख्य सचिव सारदा मुरलीधरन बताती हैं कि पहले प्लास्टिक कोई उठाता ही नहीं था, इसलिए लोग उसे जला देते थे। इसी समस्या से निपटने के लिए कुदुम्बश्री की महिलाओं की हरित कर्म सेना बनी।
ये महिलाएं हर महीने 15 दिन काम करती हैं। पहला हफ्ता घर-घर जाकर कचरा जमा करने में और दूसरा उसे छांटने में जाता है। हर घर से उन्हें 50 रूपये और हर संस्थान से 100 रूपये मिलते हैं। मेनका और उनकी 24 साथी पंचायत के 5,436 घरों और 350 संस्थानों को संभालती हैं। जमा कचरा तिरुवनंतपुरम की क्लीन केरला कंपनी के पास जाता है। वहां रीसाइकल होने लायक प्लास्टिक के दाने बनते हैं, जिनसे फर्नीचर और गमले तैयार होते हैं। बाकी कचरा सीमेंट फैक्ट्रियों के लिए ईंधन बन जाता है।
सरकार की 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के करीब 1.01 करोड़ घरों में से सिर्फ 47.94 लाख घरों से कचरा उठता है। संस्थानों में 97,790 में से 51,838 तक ही पहुंच बनी है। यानी आधा सफर अभी बाकी है। नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती हुई। 2019 से 2021 के बीच 2 से 3 लाख के जुर्माने वसूले गए और करीब 15 लाख नोटिस भेजे गए।
पेरुम्बलम यूनिट की सचिव गीता बताती हैं कि शुरू में लोग ताना मारते थे कि प्लास्टिक भी दो और पैसे भी दो। आज महीने की कमाई 5,000-6,000 रूपये है, जिसमें से अतिरिक्त बोरों और रिक्शे का खर्च भी निकालना पड़ता है। प्लास्टिक की गर्मी से त्वचा की एलर्जी और सांस की तकलीफ आम है। कुत्तों और ततैयों के काटने का डर अलग है। कमाई और दिक्कतों की वजह से चार महिलाएं समूह छोड़ चुकी हैं। ग्राम विस्तार अधिकारी सफीरा एम आई के अनुसार सदस्यों को मेडिकल इंश्योरेंस दिया गया है।
झींगा छीलने के दौरान मेनका रोज 400-500 रूपये कमाती थीं, पर घंटों खड़े रहने से शरीर जवाब दे गया। आज कमाई कम है, लेकिन पक्की है। गीता कहती हैं कि उनकी आमदनी 1,000-2,000 रूपये से बढ़कर 5,000-6,000 रूपये हो गई है और उन्हें उम्मीद है कि यह और बढ़ेगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




