
India Foodgrain Production: देश में खाद्यान्न उत्पादन ने नया रेकॉर्ड बनाया है। वर्ष 2025-26 में कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है। वहीं, अल नीनो और मानसून की देरी जैसी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है। यह पिछले पांच साल के औसत से 97.67 लाख टन ज्यादा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को दोनों वर्षों के उत्पादन अनुमान जारी किए।
शिवराज ने पत्रकारों को बताया कि भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों में दूसरे तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है। भारतीय चावल के निर्यात में भी पांच फीसदी की वृद्धि हुई है। अमेरिका, कनाडा और मध्य पूर्व सहित कई देशों में इसकी मांग बढ़ रही है। शिवराज ने कहा कि गेहूं-चावल में पर्याप्त भंडार के बाद अब दलहन और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए राष्ट्रीय दलहन और तिलहन मिशन चलाए जा रहे हैं।
वर्ष 2025-26 में चावल उत्पादन 1551.54 लाख टन और गेहूं 1220.64 लाख टन रहा। मक्का उत्पादन 550.25 लाख टन, कुल मोटे अनाज 740.80 लाख टन और श्री अन्न 172.09 लाख टन दर्ज किया गया। दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा। इसमें चना 125.13, मूंग 43.96 और अरहर 35.99 लाख टन शामिल हैं।
तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। मूंगफली 131.71 और सरसों 137.66 लाख टन रही, जबकि सोयाबीन उत्पादन 126.36 लाख टन दर्ज किया गया। गन्ना उत्पादन 5037.29 लाख टन, कपास 280.06 लाख गांठ और जूट-मेस्ता 94.28 लाख गांठ रहा।