
India Gaming Industry: ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 (जीटीए-6) की ग्लोबल लॉन्चिंग के साथ गेमिंग इंडस्ट्री एक बार फिर चर्चा में है। लेकिन भारत के लिए गेमिंग की कहानी अब सिर्फ गेम खेलने तक सीमित नहीं है। देश तेजी से गेम बनाने और वैश्विक कंपनियों को तकनीकी सेवाएं देने वाले बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। कभी विदेशी कंपनियों के लिए कोडिंग, डिजाइनिंग और टेस्टिंग करने वाली भारतीय कंपनियां अब अपने गेमिंग आइपी विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
आंकड़े बताते हैं कि भारत में 53.5 करोड़ प्योर-प्ले गेमर्स हैं और गेमिंग बाजार का आकार 14,344 करोड़ रुपए पहुंच चुका है। इनमें करीब 10.9 करोड़ गेमर्स गेमिंग पर पैसा खर्च करते हैं। बाजार में विज्ञापन से 8,705 करोड़ और उपभोक्ताओं के भुगतान से 5,239 करोड़ रुपए की आय होती है।
भारत में 2009 में करीब 150 गेम डेवलपमेंट कंपनियां थीं, जो अब बढ़कर 1,900 से अधिक हो चुकी हैं। जीडीएआइ के मुताबिक, इस क्षेत्र में करीब 1.30 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है। भारतीय कंपनियां लंबे समय से ईए, यूबीसॉफ्ट और रॉकस्टार जैसी वैश्विक कंपनियों के लिए गेम डेवलपमेंट, डिजाइन और टेस्टिंग का काम करती रही हैं। अब अपने गेम और किरदार विकसित करने पर जोर है। इसका उदाहरण भारतीय स्टूडियो नॉडिंग हेड्स गेम्स का राजी : एन एंशिएंट एपिक है, जो भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है और दुनिया भर में पहचान बना चुका है। गेम डेवलपमेंट और सेवाओं से भारत का निर्यात राजस्व 1.5 अरब डॉलर से अधिक रहने का अनुमान है।
गेमिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) नए अवसर खोल रहा है। गेम के किरदारों को वास्तविक बनाना, वर्चुअल दुनिया तैयार करना और गेम टेस्टिंग जैसे कामों में इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है। वहीं ई-स्पोर्ट्स ने खिलाड़ियों के अलावा कमेंट्री, कोचिंग और कंटेंट क्रिएशन जैसे नए करियर विकल्प भी तैयार किए हैं। जीडीएआइ के सर्वेक्षण में 82.7 प्रतिशत गेमिंग स्टूडियो ने नए गेमिंग आइपी विकसित करने की इच्छा जताई। हालांकि निवेश की कमी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गेम की मार्केटिंग बड़ी चुनौती है। भारत के सामने अब असली लक्ष्य गेमर्स की संख्या बढ़ाने से आगे बढ़कर दुनिया को अपने गेम और कहानियां देना है।
कुल गेमर्स 53.5 करोड़
गेमिंग बाजार 14,344 करोड़ रुपए
गेम डेवलपमेंट कंपनियां 1,900
रोजगार 1.30 लाख
भुगतान करने वाले गेमर्स 10.9 करोड़
गेमिंग सेवाओं का निर्यात 1.5 अरब डॉलर से अधिक
स्रोत : डेंट्सू इंडिया गेमिंग रिपोर्ट 2026, जीडीएआइ, ईवाई।