
Domestic Value Addition India: भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने IT हार्डवेयर के घरेलू मूल्य संवर्धन (Domestic Value Addition-DVA) से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के संशोधित नियमों में अब भारत में होने वाली वास्तविक मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों के साथ रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और भारतीय उत्पाद डिजाइन को भी महत्व दिया जाएगा। इंडस्ट्री बॉडी इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। एसोसिएशन के चेयरमैन पंकज मोहिंदरू के मुताबिक, नया ढांचा भारत में होने वाले वास्तविक उत्पादन और मूल्य संवर्धन का बेहतर आकलन करेगा। इससे कंपनियों को देश में मैन्युफैक्चरिंग और तकनीकी क्षमताएं बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है।
ICEA के चेयरमैन पंकज मोहिंदरू ने कहा कि MeitY ने PCBA, डिस्प्ले असेंबली, ATMP, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और उत्पाद डिजाइन जैसी गतिविधियों को मान्यता देकर अहम कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि पहले किसी उत्पाद के कुल मूल्य के आधार पर घरेलू मूल्य संवर्धन का आकलन किया जाता था। लेकिन कंपोनेंट की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण यह तरीका भारत में हो रही वास्तविक मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों की पूरी तस्वीर नहीं दिखा पाता था। नए नियमों से घरेलू उत्पादन क्षमता का अधिक सार्थक आकलन किया जा सकेगा।
MeitY की अधिसूचना के अनुसार, संशोधित DVA नियम छह तरह के IT हार्डवेयर उत्पादों पर लागू होंगे। इनमें डेस्कटॉप और ऑल-इन-वन कंप्यूटर, लैपटॉप, थिन क्लाइंट, सर्वर, कंप्यूटर मॉनिटर और इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले (IFPD) शामिल हैं। IFPD को पहली बार इस दायरे में शामिल किया गया है।
नए नियमों के तहत भारत में की जाने वाली अलग-अलग मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों को मूल्य संवर्धन के लिए अलग-अलग वेटेज दिया जाएगा। इसमें मदरबोर्ड की प्रिंटेड सर्किट बोर्ड असेंबली (PCBA), बेयर PCB मैन्युफैक्चरिंग, RAM और स्टोरेज की असेंबली व टेस्टिंग, डिस्प्ले असेंबली, पावर मॉड्यूल, चेसिस निर्माण और अंतिम असेंबली एवं टेस्टिंग शामिल हैं।
सरकार ने सार्वजनिक खरीद (Public Procurement) में प्राथमिकता पाने वाले उत्पादों के लिए कुछ मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों को भारत में करना अनिवार्य किया है। संबंधित उत्पाद श्रेणियों के लिए मेनबोर्ड असेंबली, फाइनल असेंबली और टेस्टिंग, सरफेस माउंट टेक्नोलॉजी (SMT) के जरिए PCB असेंबली और डिस्प्ले असेंबली भारत में ही करनी होगी। जो उत्पाद इन अनिवार्य शर्तों को पूरा नहीं करेंगे, उन्हें सार्वजनिक खरीद के नियमों के तहत प्राथमिकता का लाभ नहीं मिलेगा।
संशोधित नियमों की एक अहम बात यह है कि इनमें भारत में होने वाले रिसर्च एंड डेवलपमेंट और भारतीय बौद्धिक संपदा (Indian Intellectual Property) को भी मूल्य संवर्धन के रूप में मान्यता दी गई है। इसके तहत उत्पाद का आर्किटेक्चर, सेमीकंडक्टर और इंटीग्रेटेड सर्किट डिजाइन, हार्डवेयर और फर्मवेयर डेवलपमेंट, प्रोटोटाइपिंग और इंजीनियरिंग से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया गया है। हालांकि, इन गतिविधियों के लिए तय प्रमाणन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ICEA के अनुसार, संशोधित DVA नियमों को प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) जैसी पहलों के साथ लागू करने से कंपनियों को उत्पादन की ज्यादा प्रक्रियाएं भारत में लाने, कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने और तकनीकी क्षमता मजबूत करने में मदद मिल सकती है।