
Groundwater Depletion in India: भारत के कई प्रमुख नदी बेसिनों में भूजल से नदियों में जाने वाले पानी में लगातार कमी आ रही है। इससे देश की बारहमासी नदियों के भविष्य पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) गांधीनगर के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार, 1961 से 2021 (6 दशक) के बीच भारत की 18 प्रमुख नदी घाटियों के 227 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के विश्लेषण में पाया गया कि लगभग 30% केंद्रों पर भूजल प्रवाह में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जबकि केवल 8% केंद्रों पर ही वृद्धि देखी गई।
गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी विशाल नदियों के कई हिस्सों में कुल प्रवाह का 70% से अधिक हिस्सा भूजल से आता है। इन घाटियों के कई निगरानी केंद्रों पर भूजल प्रवाह घट रहा है, जिससे इन बारहमासी नदियों और विशेष रूप से इनकी छोटी सहायक नदियों के सूखने का खतरा बढ़ गया है। साबरमती, कावेरी, पेन्नार और दक्षिण तटीय नदी घाटियों में औसत भूजल प्रवाह में सबसे तीव्र गिरावट है, जबकि कृष्णा, महानदी, माही और नर्मदा नदियों के केंद्रों पर भी 10 से 25% तक की कमी देखी गई है। वहीं सिंधु, गोदावरी, ब्राह्मणी और सुवर्णरेखा जैसी कुछ घाटियों में सकारात्मक रुझान भी देखे गए हैं।
अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में यह गिरावट सबसे अधिक स्पष्ट है, जहां सिंचाई के लिए भूजल का अत्यधिक दोहन किया जाता है। विशेष रूप से सिंचाई (धान और गेहूं जैसी फसलों) के लिए भूमिगत जल के भारी दोहन के कारण जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे नदियों को पानी मिलने की बजाय कई जगहों पर उल्टा नदियों का पानी रिसकर जमीन में जा रहा है। अल नीनो वर्षों और मानसून में लंबे अंतराल के दौरान भूजल प्रवाह में काफी कमी देखी गई है।
गर्मियों और गैर-मानसून महीनों में नदियों को जीवित रखने में भूजल की भूमिका जीवनरेखा जैसी होती है। इस प्रवाह के कमजोर होने से पेयजल आपूर्ति, सिंचाई, और नदियों के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र (जैसे मछलियों की आबादी) पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) की रिपोर्ट ने भी बताया था कि 2021 से 2025 के बीच गंगा और सिंधु नदी के ऊपरी क्षेत्रों में कुल जल भंडारण और भूजल में लगातार कमी देखी गई है।