India Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। IMD के मुताबिक 26 मई के आसपास मानसून केरल पहुंच सकता है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD Alert: उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है और लोगों को मानसून से राहत की उम्मीद है। वहीं गुजरात, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में आज से प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं, जो सप्ताह के अंत तक जारी रह सकती हैं। हालांकि उत्तर भारत को अभी गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी तूफान और तेज हवा चल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। IMD ने यह भी कहा है कि मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है, हालांकि इसमें चार दिन तक का बदलाव संभव है।
IMD के अनुसार 27 मई तक पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश की संभावना है।
वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में शनिवार से सोमवार के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। नवसारी, वलसाड, दादरा नगर हवेली और दमन में भी बारिश के आसार हैं। हालांकि गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ के अधिकांश हिस्सों में 28 मई तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।
IMD ने समुद्री क्षेत्रों के लिए स्क्वॉली वेदर यानी तेज और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी जारी की है। सोमालिया तट और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अनुमान है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तेज तूफानी हवाएं 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना के बीच उत्तर भारत अभी भी भीषण गर्मी से जूझ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 22 से 27 मई के बीच हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
इसके अलावा पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली में दिन के समय 45 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।