
नई दिल्ली। दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ भारतीय रेलवे के लिए अतिरिक्त कमाई का जरिया बन गई है। त्योहारी सीजन में रेलवे की यात्री टिकटों से होने वाली कमाई में पिछले साल के मुकाबले करीब 8 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इस बढ़ी हुई कमाई के दम पर रेलवे को चालू वित्त वर्ष में यात्री टिकटों से करीब 64 हजार करोड़ रुपए का राजस्व मिलने का अनुमान है। यह बजट में तय 62 हजार करोड़ रुपए के लक्ष्य से 2 हजार करोड़ रुपए अधिक है।
रेलवे के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि त्योहारी अवधि में यात्रियों की संख्या और टिकटों की मांग में बढ़ोतरी से रेलवे की कमाई का अनुमान बेहतर हुआ है। दिवाली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग महानगरों से अपने गृह राज्यों की ओर यात्रा करते हैं।
त्योहारों के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाती है। इससे प्रमुख रेल मार्गों पर टिकटों की मांग में तेजी आती है। इस बार भी यात्रियों की भारी आवाजाही का असर ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर दिखाई दिया।
इधर, त्योहारी सीजन में टिकट बुकिंग के लिए बढ़े ट्रैफिक के बीच रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। 10 नवंबर की सुबह IRCTC की वेबसाइट ठप होने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने इन खबरों को गलत बताया है।
कंपनी ने मंगलवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर स्पष्टीकरण जारी कर कहा कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग पोर्टल पूरी तरह से काम कर रहा था। कुछ यात्रियों को लॉगिन करने में अस्थायी देरी का सामना करना पड़ा था, लेकिन वेबसाइट बंद नहीं हुई थी।
IRCTC के मुताबिक, एक ही समय में बड़ी संख्या में यात्रियों के लॉगिन करने की कोशिश के कारण वेबसाइट पर ट्रैफिक अचानक बढ़ गया था। इसके चलते कुछ यूजर्स को अपने अकाउंट तक पहुंचने में देरी हुई। कंपनी ने बताया कि दिवाली और छठ पूजा के दौरान टिकट बुकिंग की मांग बढ़ने से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दबाव बना।
दरअसल, त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाने और छुट्टियों के बाद काम पर लौटने के लिए एक साथ ट्रेन टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ट्रैफिक बढ़ जाता है और यात्रियों को लॉगिन या टिकट बुकिंग के दौरान अस्थायी परेशानी हो सकती है। IRCTC ने साफ किया कि 10 नवंबर को ऐसी ही स्थिति बनी थी और इसे वेबसाइट का ठप होना नहीं कहा जा सकता।