12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पति-पत्नी और वो: कौन थी वो महिला, जिसके चलते लगभग बिखर गया था इंदिरा गांधी का परिवार?

Sonia Gandhi Belonging book: सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग' में इंदिरा और फिरोज गांधी के रिश्ते का खुलासा। जानें दूरियां क्यों बढ़ीं और नेहरू ने कैसे बचाई शादी।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Abhishek Mehrotra

•

Updated: 12 Nov 2026, 10:13 AM IST

Sonia Gandhi

सोनिया गांधी (ANI)

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' राजनीतिक विवाद की वजह बन गई है। इसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं। हालांकि, यह किताब राजनीतिक अनुभव, किस्से-कहानियों के साथ-साथ गांधी परिवार की निजी जिंदगी पर ज्यादा केंद्रित है। सोनिया गांधी ने अपने परिवार से जुड़ी ऐसी बातों को भी सामने रखा है, जिससे लोग वाकिफ ही नहीं थे। उदाहरण के तौर पर उन्होंने अपनी सास इंदिरा गांधी और ससुर फिरोज गांधी के रिश्ते पर भी प्रकाश डाला है। सोनिया ने बताया है कि किस वजह से इंदिरा और फिरोज के बीच दूरियां बढ़ने लगी थीं।

इंदिरा के लिए मुश्किल हो गया था तालमेल बैठाना

“फिरोज में कई खमियां हैं, पर हममें से किसमें नहीं होतीं?… लेकिन इससे उनके प्रति मेरी भावनाओं में कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं उन्हें उनकी खामियों के बावजूद पसंद करती हूं, या शायद उनकी खामियों की वजह से ही पसंद करती हूं," यह बातें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने एक दोस्त को लिखे पत्र में कहीं थीं। दरअसल, इंदिरा गांधी के दोस्त ने उन्हें फिरोज गांधी को लेकर चल रही गॉसिप के बारे में बताया था, जिसके जवाब में उन्होंने यह पत्र लिखा था। 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सोनिया गांधी ने लिखा है – इंदिरा गांधी की शादी 1942 में हुई थी। पांच साल बाद भारत आज़ाद हुआ और जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने। उस समय नेहरू को कामकाज में इंदिरा की मदद की ज़रूरत थी। फिरोज इन नई परिस्थितियों को समझते हुए शुरुआत में तो इस व्यवस्था के लिए तैयार हो गए, लेकिन बाद में उन्हें यह खटकने लगा। पिता के प्रति इंदिरा की ज़िम्मेदारियां बढ़ गईं और उनके लिए पत्नी एवं बेटी दोनों, रिश्तों के बीच तालमेल बिठाना मुश्किल हो गया। उस समय तक उनके दो बच्चे हो चुके थे - अगस्त 1944 में जन्मे राजीव और दिसंबर 1946 में जन्मे संजय। प्रधानमंत्री की आधिकारिक मेज़बान (होस्टेस) होने के नाते, इंदिरा को अपने पिता के साथ देश-विदेश के दौरों पर जाना पड़ता था, जबकि अपनी नौकरी की वजह से फिरोज ऐसा नहीं कर पाते थे।

खाने की मेज पर दूरी ने बढ़ाई रिश्तों में दूरियां

सोनिया गांधी ने आगे लिखा है - एमी आंटी (जो इंदिरा के स्टाफ का हिस्सा थीं) ने मुझे बताया कि औपचारिक डिनर के दौरान, प्रोटोकॉल के मुताबिक, इंदिरा को उनके पिता के बगल में बैठाया जाता था, जबकि फिरोज को उनसे काफी दूर या लंबी मेज़ के बिल्कुल आखिरी छोर पर जगह मिलती। लोग इस बात पर मज़ाक उड़ाते और उन्हें चिढ़ाते थे, जिससे फिरोज़ नाराज और आहत हो जाते। इस तरह की घटनाओं ने शायद इंदिरा और फिरोज के बीच दूरियों को बढ़ा दिया होगा। 1950 के दशक के मध्य में, फिरोज एक अलग घर में चले गए, जो उन्हें संसद सदस्य होने के नाते मिला था। वे एक आकर्षक और ज़िंदादिल इंसान थे, जिन्हें दोस्तों और महिलाओं की संगत पसंद थी।

शादी के कुछ साल बाद, इंदिरा ने फिरोज को लिखा, “मुझे इस बात से कोई दिक्कत नहीं है कि आप किसके साथ बाहर जाते हैं या क्या करते हैं, बस शर्त यह है कि इससे आपको खुशी मिले और आप मुझे इसके बारे में बता दें… इससे पहले कि मैं दूसरों से इसके बारे में कोई मनगढ़ंत कहानी सुनूँ।" किताब में सोनिया गांधी लिखती हैं कि इंदिरा ने उन्हें बताया था कि जब फिरोज का किसी और के साथ "काफी गंभीर रिश्ता" बन गया, जो इंदिरा के लिए बेहद तकलीफदेह था, तो एक ज़ोरदार झगड़े के बाद दोनों औपचारिक रूप से अलग होने के बारे में सोचने लगे थे। फिरोज ने नेहरू से इस बारे में बात की, वह किसी ऐसे व्यक्ति से बात करना चाहते थे जिस पर वे भरोसा करते थे। नेहरू ने उन्हें समझाया, और कुछ महीनों के बाद उन्होंने अलग होने का विचार छोड़ दिया।

राजीव गांधी ने किया था उस महिला का जिक्र

सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि राजीव गांधी को अपने पिता के साथ बिताया समय अच्छे से याद था। उन्होंने मुझसे कहा था कि कभी-कभी घर पर एक महिला मौजूद होती थी, लेकिन उन्होंने कभी उसका नाम नहीं बताया। शायद उन्हें नाम पता नहीं था या फिर वे उसे याद नहीं करना चाहते थे। 1958 में, फिरोज को दिल का दौरा पड़ा और इस घटना से उनके पुराने ज़ख्म भरने लगे। इंदिरा, जो उस समय अपने पिता के साथ भूटान में थीं, वापस लौट आईं और फिरोज की देखभाल की। उनके ठीक होने तक, इंदिरा नर्सिंग होम में उनके साथ काफी समय बिताती थीं। 1959 में जब इंदिरा को किडनी की पथरी के लिए सर्जरी करानी पड़ी, तो फिरोज भी उतने ही चिंतित थे और लगातार उनके साथ रहे। उनके बीच के पुराने मतभेद खत्म होने लगे थे, और 1960 में पूरा परिवार एक साथ छुट्टियां मनाने कश्मीर गया…लेकिन तीन महीने बाद, फिरोज को फिर से हार्ट अटैक आया, जो जानलेवा साबित हुआ। इंदिरा, उस समय केरल में थीं, सूचना मिलते ही तुरंत लौटीं और सीधे अस्पताल गईं। फिरोज को कुछ देर के लिए होश आया, लेकिन तभी अचानक उन्हें ज़ोर से खांसी आने लगी। इंदिरा ने उनका सिर थोड़ा ऊपर उठाया, और फिर सब खत्म हो गया। फिरोज केवल 48 साल के थे।

खटास आई पर खत्म नहीं हुआ रिश्ता, इंदिरा लिखती रहीं पत्र

सोनिया अक्सर इंदिरा और फिरोज के जटिल रिश्ते के बारे में सोचती थीं। वह लिखती हैं – दोनों ने एक-दूसरे को जो पत्र लिखे थे उन्हें पढ़ने के बाद यह साफ हो गया कि भले ही उनके बीच लड़ाई हुई या वे कुछ समय के लिए एक-दूसरे से दूर हो गए, लेकिन जो बंधन उन्हें जोड़े हुए था, वह कभी नहीं टूटा। अपनी शादी के उतार-चढ़ाव के बावजूद, मेरी सास ने एक बार मुझसे कहा था कि वह फिरोज के अलावा किसी और से शादी नहीं कर सकती थीं; वह इकलौते ऐसे इंसान थे जिनसे उन्होंने प्यार किया था। 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सोनिया गांधी ने लिखा है - इंदिरा का अपने पति फिरोज के साथ एक बेहद गहरा और खुला रिश्ता था; यहां तक कि जब उनका वैवाहिक जीवन लगभग बिखर गया था, तब भी वह उन्हें प्यार भरे पत्र लिखती थीं। जब मैंने उन्हें बताया कि मेरी छोटी बहन अपने पति से अलग होने के बारे में सोच रही है, तो उन्होंने कहा - उसे कहो कि गुस्से या दुख की हालत में कोई फैसला न ले।