
Indian Sailors Death: कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने ओमान के पास हुई उस दुखद घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जिसमें तीन भारतीय नागरिक नाविकों (Civilian Sailors) की जान चली गई। इस मामले को लेकर उठ रहे राजनीतिक विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा जैसे संवेदनशील और गंभीर मुद्दे को राजनीतिक बहस का विषय बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया शेयर करते हुए शशि थरूर ने लिखा, मुझे आश्चर्य होता है कि भारतीय नागरिक नाविकों की सुरक्षा से जुड़े एक बयान को राजनीतिक विवाद का विषय बनाया जा रहा है। तीन भारतीय नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है। मेरा उद्देश्य केवल हमारे नागरिकों की सुरक्षा और इस मूलभूत सिद्धांत की रक्षा करना था कि सिविलियन सीफेयर कभी भी सैन्य कार्रवाई का लक्ष्य नहीं बनने चाहिए।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में ओमान के निकट हुई एक घटना में तीन भारतीय नागरिक नाविकों की मौत हो गई थी। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में इस घटना को अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले भी शशि थरूर ने अमेरिकी प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी पक्ष की ओर से जारी बयान में भारतीय नागरिकों की मौत पर न तो संवेदना व्यक्त की गई और न ही किसी प्रकार के खेद या माफी का उल्लेख किया गया।
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि हैं। उन्होंने संकेतों में उन लोगों की भी आलोचना की जो इस संवेदनशील विषय को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं। थरूर के अनुसार, ऐसे मामलों में राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
शशि थरूर के इस बयान को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला है। कई यूजर्स ने उनके रुख को संतुलित, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के अनुरूप बताया। लोगों का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर राजनीतिक ध्रुवीकरण से बचना चाहिए।