राष्ट्रीय

इंडिगो ने Air india के पूर्व MD आलोक सिंह को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पूर्व MD आलोक सिंह को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हाल ही में इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

2 min read
Mar 23, 2026
इंडिगो फ्लाइट। (फोटो- ANI)

IndiGo Airlines: इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) ने एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) के पूर्व MD आलोक सिंह को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इंडिगो एयरलाइंस ने एयर इंडिया के पूर्व MD आलोक सिंह को मुख्य रणनीति (Chief Strategy Officer) अधिकारी नियुक्त किया है। इंडिगो में यह नियुक्ति कंपनी के CEO पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के बाद हुई है। पीटर एल्बर्स ने करीब 2 सप्ताह पहले इंडिगो एयरलाइंस से CEO के पद से इस्तीफा दिया था। अब इंडिगो एयरलाइंस में मुख्य रणनीति अधिकारी की नियुक्ति होने से कंपनी के नेतृत्व में बड़े स्तर पर बदलाव की चर्चा हो रही है।

ये भी पढ़ें

इंडिगो एयरलाइंस के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा

आलोक सिंह बोले- रणनीति को बेहतर बनाऊंगा

देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो में मुख्य रणनीति अधिकारी नियुक्त होने पर आलोक सिंह ने प्रितिक्रिया दी है। आलोक सिंह ने कहा- मैं रणनीति को और बेहतर बनाने, परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और वैश्विक स्तर पर अपने बाजारों का विस्तार करने के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि मैं कंपनी की दीर्घकालिक रणनीतिक योजना का नेतृत्व करूंगा। इसमें तेजी से बदलते वैश्विक विमानन परिदृश्य में विकास को गति देने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत करने एवं व्यापार संबंधी बदलावों को आगे बढ़ाएंगे।

इंडिगो के प्रमोटर और MD राहुल भाटिया ने आलोक सिंह की नियुक्ति होने पर उनका स्वागत किया है। राहुल भाटिया ने कहा कि हम आलोक सिंह और टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। हम लोग मिलकर कार्यात्मक प्राथमिकताओं पर काम करेंगे, जिनका उद्देश्य कंपनी के हित में आवश्यक सुधार, ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाना और शेयर धारकों को स्थायी मूल्य प्रदान करना है। भाटिया ने कहा कि हम आलोक सिंह को लाकर रणनीतिक दूरदर्शिता और परिचालन क्षमता का असाधारण मिश्रण लेकर आए हैं।विमानन प्रणाली की उनकी व्यापक समझ हमारे लिए अमूल्य साबित होगी, क्योंकि हम एक अधिक चुस्त, मजबूत और भविष्य के लिए तैयार संगठन का निर्माण कर रहे हैं।

राहुल भाटिया के निर्देशन में काम करेंगे आलोक सिंह

इंडिगो के प्रमोटर और MD राहुल भाटिया ने कहा कि आलोक सिंह मुझे रिपोर्ट करेंगे। नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पदभार संभालने के बाद, आलोक सिंह नए CEO को रिपोर्ट करना शुरू कर देंगे। यह नियुक्ति इंडिगो के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कंपनी वैश्विक विस्तार और परिचालन चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर फोकस कर रही है। आलोक सिंह के अनुभव से कंपनी को मजबूती मिलेगी। आलोक सिंह काफी अनुभवी और दूरदर्शी हैं।

2022 में इंडिगो के CEO बने थे पीटर एल्बर्स

इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) के CEO पीटर एल्बर्स (Pieter Elbers) ने 10 मार्च को अपने पद से इस्तीफा दिया था।इंडिगो एयरलाइंस में CEO के पद से इस्तीफा देन वाले पीटर एल्बर्स ने सितंबर 2022 में कार्यभार संभाला था। उन्होंने निजी कारणों की वजह से इस्तीफा देने की बात कही थी। बता दें कि पीटर एल्बर्स के नेतृत्व में इंडिगो ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इंडिगो ने पीटर एल्बर्स के समय में 10 अरब डॉलर से अधिक का राजस्व और 440 से अधिक विमानों के साथ बड़ी बढ़त हासिल की, जिसमें 500 विमानों का बड़ा ऑर्डर भी शामिल था।

हालांकि, पीटर एल्बर्स के समय में 3 माह पहले दिसंबर 2025 में इंडियो बड़े फ्लाइट ऑपरेशंस संकट से दौर से गुजरी थी। उस दौरान करीब 3 लाख यात्री अपने गंतव्य तक जाने से पहले रास्ते में फंस गए थे। इस संकट की वजह से कंपनी को करीब ₹2,000 करोड़ का नुकसान हुआ था। इसके बाद से एलबर्स पर इस्तीफे का दबाव था। इस संकट के समय एविएशन रेगुलेटर DGCA ने इंडिगो एयरलाइन पर ₹22.20 करोड़ का भारी जुर्माना लगाया था।

Published on:
23 Mar 2026 09:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर