घरेलू उपभोक्ता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं और उन्हें बुकिंग के ढाई दिन में गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। देश में एलपीजी का उत्पादन भी 10 फीसदी बढ़ा दिया है।
Lpg Gas News: पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम के संकेत अभी नजर नहीं आ रहे। होर्मुज ठप होने से कई देशों में पेट्रोल-डीजल और गैस का संकट बढ़ गया है। एलपीजी संकट की आहट से देश के कई हिस्सों में सिलेंडर के लिए कतारें देखी गईं। होटल-रेस्टोरेंट, ढाबों, ऑनलाइन फूड डिलीवरी और पीजी संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया। जयपुर, मुंबई, पुणे और बेंगलूरु में कई जगह होटल ने अपने मैन्यू को कम कर दिया तो कहीं होटल व्यापारियों ने पुरानी भट्टियों को संभालना शुरू कर दिया है। भारत में घरेलू गैस आपूर्ति बनाए रखने के लिए कई राज्यों ने कमर्शियल गैस की सप्लाई या तो आधी कर दी या पूरी तरह रोक दी है। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर एलपीजी संकट की अफवाहों पर भरोसा नहीं करें।
घरेलू उपभोक्ता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं और उन्हें बुकिंग के ढाई दिन में गैस उपलब्ध करवाई जा रही है। देश में एलपीजी का उत्पादन भी 10 फीसदी बढ़ा दिया है। उधर हालात की गंभीरता को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने हाई लेवल मीटिंग की, जिसमें उन्होंने मंत्रियों से कहा, जनता को गैस आपूर्ति की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी मंत्रालय मिलकर काम करें। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति पर नियंत्रण के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम (एसीए) लागू किया गया है, न कि आवश्यक सेवा रख-रखाव अधिनियम (एस्मा)।
उधर वैश्विक तेल संकट के बीच भारत की स्थिति थोड़ी सुरक्षित है। सरकार ने साफ किया है कि होर्मुज बंद होने के बाद वैकल्पिक रास्तों से क्रूड देश में आना शुरू हो गया है। इसलिए ईंधन का कोई संकट नहीं है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के 'युद्ध जल्द खत्म' बयान से तेल कीमतों में मामूली गिरावट आई, लेकिन ईरानी रक्षा मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने साफ कर दिया कि अमरीका से कोई बातचीत नहीं होगी।