राष्ट्रीय

क्या अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा रहे? AAP नेता प्रियंका कक्कड़ ने बताई सच्चाई

Arvind Kejriwal: अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा सीट मांगने की अटकलों के बीच, आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने इन दावों को खारिज करते हुए इन्हें बिल्कुल गलत बताया।

2 min read
Feb 26, 2025
अरविंद केजरीवाल

Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बुरी तरह से हुई हार के बाद अब अरविंद केजरीवाल के संसद में अपनी राजनीति शुरू करने की अटकले लगाई जा रही है। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा सीट मांगने की अटकलों के बीच आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने इनको खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल गलत है। इसके साथ ही कहा कि केजरीवाल राज्यसभा नहीं जा रहे हैं। आप प्रवक्ता कक्कड़ ने कहा कि जहां तक ​​अरविंद केजरीवाल का सवाल है, मीडिया सूत्र पहले कह रहे थे कि वे पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। अब मीडिया सूत्र कह रहे हैं कि वे राज्यसभा से चुनाव लड़ेंगे। ​प्रियंका ने कहा कि यह दोनों ही सूत्र बिल्कुल गलत हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है।

मीडिया की अटकलें बेबुनियाद: प्रियंका कक्कड़

आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आप के राष्ट्रीय संयोजक हैं। मैं मानती हूं कि उनकी मांग बहुत ज्यादा है, लेकिन वे किसी एक सीट तक सीमित नहीं हैं। बता दें कि यह अटकलें आम आदमी पार्टी द्वारा लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद शुरू हुईं। अटकलें लगाई जा रही थीं कि संजीव अरोड़ा की राज्यसभा सीट केजरीवाल को मिलेगी।

लुधियाना पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे सुनील अरोड़ा

बता दे कि आप के राज्यसभा सांसद सुनील अरोड़ा ने संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की जानकारी उन्होंने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर दी है। अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से विधायक का चुनाव लड़ने के लिए पार्टी से टिकट मिला है। स्थानीय विधायक की मौत के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

केजरीवाल ने बीजेपी पर बोला हमला

आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने बीते दिनों भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय और विधानसभा समेत सभी सरकारी दफ्तरों से बीआर अंबेडकर की तस्वीर हटा दी गई है। इसको लेकर मंगलवार को भारी नारेबाजी के बीच स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने 21 विधायकों को 28 फरवरी तक के लिए निलंबित कर दिया।

Published on:
26 Feb 2025 02:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर