
नई दिल्ली। लोकसभा में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर इस मुद्दे पर विपक्ष से संवाद नहीं करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले सात महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चार पत्र लिखकर परिसीमन के प्रस्ताव पर बातचीत की मांग की, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से एक बार भी सामान्य औपचारिक जवाब तक नहीं दिया गया।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सरकार परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के प्रयास में दबाव की राजनीति कर रही है।
जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में कौटिल्य के अर्थशास्त्र का जिक्र करते कहा कि सरकार को संसद में जरूरी संख्या बल जुटाने के लिए 'जबरदस्ती के उपायों' का सहारा लेने बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कौटिल्य के अर्थशास्त्र में साम, दाम, दंड और भेद का उल्लेख है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश में सरकार ने आखिरी के तीन तरीकों का इस्तेमाल किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। ऐसे में सरकार को पहले तरीके यानी संवाद को मौका देना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि खरगे ने प्रधानमंत्री को 11 अप्रेल, 16 जुलाई, 27 अगस्त और 16 अक्टूबर को पत्र लिखे थे। इन सभी पत्रों में परिसीमन के मुद्दे पर बातचीत का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन सरकार ने इनका सामान्य शिष्टाचार के तहत जवाब देना भी जरूरी नहीं समझा।
कांग्रेस पहले भी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा चुकी है। पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाकर संविधान संशोधन विधेयक पारित कराना चाहते हैं। कांग्रेस का कहना है कि प्रस्तावित कानून को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है और न ही राजनीतिक दलों के साथ कोई सर्वदलीय बैठक की गई है। कांग्रेस ने सुझाव दिया है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों और राज्यों के बीच सीटों के वर्तमान अनुपात को बरकरार रखते हुए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। पार्टी का प्रस्ताव है कि यह व्यवस्था भारत के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने तक जारी रखी जाए।
प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक हो सकती है। इस मुद्दे पर एनडीए और विपक्षी इंडिया गठबंधन के बीच टकराव बढ़ गया है। एनडीए का कहना है कि नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन संवैधानिक जरूरत है। इससे महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता भी आसान होगा। वहीं, विपक्ष की मांग है कि मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही महिलाओं को तत्काल 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
जयराम रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 1976 और अटल बिहारी वाजपेयी के 2001 के फैसलों का हवाला देते हुए कहा है कि परिसीमन पर लगी रोक को आगे बढ़ाकर व्यापक परिसीमन को टाला जा सकता है। ऐसे में परिसीमन का मुद्दा आने वाले दिनों में संसद और राजनीतिक गलियारों में बड़ा विवाद बन सकता है।